Bareilly: औलाद को वेतन लगे प्यारा, पिता बे-सहारा, मिस्टर मैसी पहुंचे थाने

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। थाना इज्जतनगर क्षेत्र की असलम कॉलोनी में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है, जहां एक पिता ने अपनी ही बेटी और बेटों पर वेतन हड़पने और जानलेवा हमला करने का गंभीर आरोप लगाया है।

स्वास्थ्य विभाग महोबा में कार्यरत रोहित आनंद मैसी 18 अप्रैल को छुट्टी पर घर आए थे। उनके अनुसार, 23 अप्रैल को जैसे ही उनके खाते में वेतन आया, उनकी बेटी एंजिला आनंद मैसी ने जरूरत का बहाना बनाकर एक चेक पर उनके हस्ताक्षर करवा लिए और खाते से पूरा वेतन निकाल लिया। जब पीड़ित पिता ने पैसों के बारे में पूछताछ की, तो घर में विवाद शुरू हो गया जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।

पीड़ित का आरोप है कि इस विवाद के दौरान बेटी एंजिला के साथ बेटा रोबिन आनंद मैसी और बारादरी निवासी राहुल समदर्शी भी शामिल हो गए। इन तीनों ने मिलकर रोहित मैसी के साथ गाली-गलौच की और उन पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस बर्बर हमले में पीड़ित के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं और शरीर के अन्य हिस्सों में भी काफी जख्म हुए हैं।

 शोर मचाने पर आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़ित पिता ने थाना इज्जतनगर में तहरीर देकर अपनी जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है।

संबंधित समाचार