यूपी में खराब मौसम पर योगी सरकार अलर्ट, त्वरित राहत और मुआवजा सुनिश्चित करने के निर्देश 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ। योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश के कई जिलों में आई आंधी-बारिश और खराब मौसम के मद्देनज़र प्रशासनिक तंत्र को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने प्रभावित जनपदों के जिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि पूरी प्रशासनिक मशीनरी सक्रिय रहे और हर संभव प्रयास कर यह सुनिश्चित किया जाए कि विपरीत मौसम का असर न्यूनतम हो। 

उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनहानि, पशुहानि, घायलों और आपदा प्रभावितों को 24 घंटे के भीतर मुआवजा उपलब्ध कराया जाए और इस प्रक्रिया में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हर संकट की घड़ी में किसानों और प्रदेशवासियों के साथ खड़ी है। 

उन्होंने अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश देते हुए बताया कि खराब मौसम के कारण कई जिलों में सड़क दुर्घटनाएं भी हुई हैं अत: राहत और बचाव कार्यों को तेज किया जाए तथा घायलों को नजदीकी अस्पतालों में तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जाए। मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि सभी जिलाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार फील्ड में मौजूद रहें और स्थिति का जायजा लें। 

साथ ही, फील्ड स्तर के अधिकारी प्रभावित क्षेत्रों में जाकर लोगों से सीधे संवाद करें और राहत कार्यों के लिए समन्वय बनाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से जुड़ी सूचनाएं समय पर एकत्र कर शासन को उपलब्ध कराई जाएं, ताकि प्रभावित लोगों तक शीघ्र राहत पहुंचाई जा सके। 

ये भी पढ़ें : 
लखनऊ में सीएम योगी का जनता दर्शन: अवैध कब्जों पर कड़े निर्देश और बच्चों की शिक्षा पर जोर, सख्त कार्रवाई के आदेश

संबंधित समाचार