लखनऊ में सीएम योगी का जनता दर्शन: अवैध कब्जों पर कड़े निर्देश और बच्चों की शिक्षा पर जोर, सख्त कार्रवाई के आदेश

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को आयोजित 'जनता दर्शन' कार्यक्रम में लोगों को आश्वस्त किया कि सरकार हर जायज़ समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर करेगी। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने माता-पिता के साथ आए बच्चों से उनकी पढ़ाई के बारे में जानकारी ली।

जब कुछ अभिभावकों ने बताया कि बच्चों का अभी स्कूल में दाखिला नहीं कराया गया है, तो मुख्यमंत्री ने इस पर चिंता जताते हुए कहा कि बच्चों की शिक्षा बेहद आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को अवश्य स्कूल भेजें, क्योंकि शिक्षित बच्चे ही एक समृद्ध और सशक्त भारत का निर्माण करेंगे। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में प्रदेश में शिक्षा का स्तर काफी सुधरा है। बेसिक और माध्यमिक विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जा रही है। साथ ही, बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावकों के खातों में ड्रेस, किताबें, जूते-मोजे आदि के लिए 1200 रुपये की सहायता राशि दी जा रही है। बच्चों को पौष्टिक मिड-डे मील भी उपलब्ध कराया जा रहा है। जनता दर्शन में पहुंचे युवाओं ने रोजगार से जुड़े मुद्दे उठाए। 

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले नौ वर्षों में राज्य सरकार ने नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी है और भर्ती प्रक्रियाएं पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराई गई हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष भी विभिन्न विभागों में बड़े पैमाने पर भर्तियां की जाएंगी, जिससे लाखों युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। उन्होंने युवाओं को मेहनत और ईमानदारी से तैयारी करने की सलाह दी और स्पष्ट किया कि सरकार में सिफारिश की कोई जगह नहीं है। 

कार्यक्रम के दौरान अवैध कब्जों की शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन मामलों की तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि राजस्व, प्रशासन और पुलिस विभाग संयुक्त रूप से मामलों की समीक्षा करें, पीड़ितों को न्याय दिलाएं और कार्रवाई से शासन को अवगत कराएं। 

ये भी पढ़ें : 
अंतरराष्ट्रीय हिमालयन बौद्ध सम्मेलन में जुटे विद्वान : लेह में गूंजा बुद्ध का शांति संदेश, 2569वीं वैशाख पूर्णिमा पर वैश्विक संगम

संबंधित समाचार