राष्ट्रपति मुर्मु और प्रधानमंत्री मोदी ने दी उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन को जन्मदिन की बधाई, सीएम योगी ने की दीर्घायु की कामना
दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन को सोमवार को उनके 69वें जन्मदिन पर बधाई दी । मुर्मू ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''भारत के उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन जी को उनके जन्मदिन पर हार्दिक शुभकामनाएं। मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य एवं लंबी आयु की कामना करती हूं। मेरी कामना है कि वह इसी तरह राष्ट्र की सेवा करते रहें।'' तमिलनाडु के तिरुपुर में चार मई 1957 को जन्मे राधाकृष्णन ने पिछले साल 12 सितंबर को भारत के उपराष्ट्रपति के रूप में पदभार ग्रहण किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन को उनके जन्मदिन पर बधाई दी और कहा कि वह एक विकसित भारत के निर्माण के साझा सपने को मजबूत करने के लिए अनेक प्रयास कर रहे हैं। राधाकृष्णन ने 12 सितंबर 2025 को भारत के उपराष्ट्रपति के रूप में पदभार ग्रहण किया था और वह सोमवार को 69 वर्ष के हो गए।
PM मोदी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट किया, ''उपराष्ट्रपति थिरु सी. पी. राधाकृष्णन जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। वह एक विकसित भारत के निर्माण के हमारे साझा सपने को मजबूत करने के लिए अनेक प्रयास कर रहे हैं।''
उन्होंने कहा, ''हमारी संसदीय कार्यवाही की कार्यकुशलता और प्रभावशीलता बढ़ाने के उनके निरंतर प्रयास लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनकी गहरी प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।''
प्रधानमंत्री ने कहा कि राधाकृष्णन का सर्वांगीण विकास के प्रति अटूट जुनून और निर्धन एवं हाशिए पर रहने वाले लोगों के लिए उनकी चिंता भी उतनी ही प्रेरणादायक है। मोदी ने कहा, ''सार्वजनिक क्षेत्र के लिए उनका जीवन समर्पण, अनुशासन और स्पष्ट उद्देश्य की भावना से प्रेरित है। मैं उनके हमेशा स्वस्थ रहने, सुखी रहने और लंबे समय तक राष्ट्र की सेवा करने की कामना करता हूं।''
उपराष्ट्रपति चुने जाने से पहले राधाकृष्णन ने एक वर्ष से कुछ अधिक समय तक महाराष्ट्र के राज्यपाल के रूप में सेवाएं दी थीं। इससे पहले वह लगभग डेढ़ साल तक झारखंड के राज्यपाल रहे थे। उन्होंने कुछ समय के लिए तेलंगाना के राज्यपाल और पुडुचेरी के उपराज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार भी संभाला।
CM योगी आदित्यनाथ ने दी जन्मदिन की शुभकामनाएं
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं। सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर किए गए एक पोस्ट में मुख्यमंत्री ने कहा, "माननीय उपराष्ट्रपति श्री सी.पी. राधाकृष्णन जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई!" उन्होंने उपराष्ट्रपति के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्रसेवा के पथ पर निरंतर सफलता एवं ऊर्जा की कामना की।
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने भी उपराष्ट्रपति को जन्मदिन की बधाई दी।
गौरतलब है कि सी.पी. राधाकृष्णन का जन्म चार मई, 1957 को तमिलनाडु के तिरुप्पुर में हुआ था और उन्होंने 12 सितंबर, 2025 को भारत के उपराष्ट्रपति पद का कार्यभार संभाला।
