आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण बस दुर्घटना: डम्पर से टकराई बस, जिंदा जले लोग... कई घायल

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

फिरोजाबादः आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर गुरुवार रात एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। कानपुर से गुड़गांव जा रही डबल डेकर प्राइवेट बस ने आगे चल रहे बालू से लदे डंपर में तेजी से टक्कर मार दी। टक्कर की इतनी जबरदस्त थी कि बस में तुरंत आग लग गई और देखते ही देखते पूरी बस आग की चपेट में आ गई।

इस दुर्घटना में बस चालक की आग में जलकर मौत हो गई। बस कंडक्टर को गंभीर हालत में फिरोजाबाद मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उसकी भी मौत हो गई।

हादसा कैसे हुआ?

रात करीब 2 बजे नसीरपुर थाना क्षेत्र के पास मटसेना के किलोमीटर 46 पर यह हादसा हुआ। डंपर अचानक अनियंत्रित होकर मध्य डिवाइडर से टकराया। ठीक उसी समय तेज रफ्तार से आ रही डबल डेकर बस उसके पीछे से जोरदार टक्कर में जा घुसी। बस में लगभग 40 से ज्यादा यात्री सवार थे, जो सो रहे थे। टक्कर के बाद शॉर्ट सर्किट से बस में भयंकर आग लग गई।

यात्रियों की चीख-पुकार मच गई। कई यात्री एक-दूसरे के ऊपर गिरकर घायल हो गए।

बचाव कार्य

सूचना मिलते ही नसीरपुर और मटसेना पुलिस मौके पर पहुंच गई। एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद और सीओ तेजस त्रिपाठी ने खुद मौके पर पहुंचकर घायलों को बस से निकालकर अस्पताल पहुंचाया। आग बुझाने के लिए फिरोजाबाद, टूंडला, शिकोहाबाद, सिरसागंज और जसराना से कुल 6 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर टीम ने करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

घायलों की सूची

- नीलम (20), अजीतमल, औरैया  
- रंगोली देवी (30), कानपुर देहात  
- शिवम (23), कानपुर देहात  
- सत्यम (35), औरैया  
- सुंदरलाल (40) - कंडक्टर, जालौन  
- शांति देवी (45), औरैया  
- सत्यभान (16), औरैया  
- मुकेश कुमार (40), कानपुर  
- आस्था (23), कानपुर  
- माया देवी (62), कानपुर  
- वेद (12) एवं मन्नत (9), कानपुर  
- पूजा (35), उन्नाव  
- माया देवी (56), कानपुर  
- पप्पू (25), फतेहपुर  

प्रशासन ने घायलों का इलाज संयुक्त चिकित्सालय में शुरू कर दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

संबंधित समाचार