IPL Playoffs : इकाना स्टेडियम में सीएसके से मुकाबला आज, घरेलू मैदान पर हिसाब बराबर करने को तैयार LSG
लखनऊ, अमृत विचार: आईपीएल के मौजूदा सीजन का रोमांच अपने चरम पर है। प्ले-ऑफ की दहलीज पर खड़ी चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के लिए अब हर मुकाबला ‘करो या मरो’ की जंग बन चुका है। अंक तालिका में पांचवें पायदान पर काबिज चेन्नई के पास अब गलती की कोई गुंजाइश नहीं है। गुरुवार को इकाना स्टेडियम में जब धोनी की पूर्व टीम मेजबान लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के खिलाफ उतरेगी, तो उसका एकमात्र लक्ष्य दो अंक हासिल कर अपनी स्थिति मजबूत करना होगा।
दूसरी ओर, प्ले-ऑफ की रेस से बाहर हो चुकी लखनऊ सुपर जायंट्स अब बिना किसी मानसिक दबाव के मैदान पर उतरने जा रही है। घरेलू मैदान और अपने दर्शकों के सामने एलएसजी की नजरें इस सीजन की दूसरी घरेलू जीत दर्ज कर अपनी साख बचाने पर टिकी हैं। लखनऊ की टीम भले ही अंक तालिका में पिछड़ गई हो, लेकिन उसके पास मौजूद विस्फोटक बल्लेबाज किसी भी बड़ी टीम का समीकरण बिगाड़ने का माद्दा रखते हैं। टीम का इरादा न सिर्फ सम्मान बचाना है, बल्कि पिछली हार का हिसाब चुकता कर चेन्नई की राह में कांटे बिछाना भी है।
मार्श और इंग्लिश से रहना होगा सावधान
एलएसजी के हौसले बुलंद हैं और टीम किसी भी तरह की मुरव्वत बरतने के मूड में नहीं दिख रही। सलामी बल्लेबाज मिचेल मार्श शानदार लय में हैं और 11 मैचों में 377 रन बना चुके हैं। वहीं, जोश इंग्लिश ने पिछले मुकाबले में चेन्नई के खिलाफ महज 33 गेंदों पर 85 रनों की तूफानी पारी खेलकर सीएसके खेमे की चिंता बढ़ा दी है। गेंदबाजी में युवा प्रिंस यादव ट्रंप कार्ड साबित हो रहे हैं। इकाना में विराट कोहली का विकेट लेकर चर्चा में आए प्रिंस अब तक 10 मैचों में 16 विकेट झटक चुके हैं। मोहम्मद शमी और राठी की धारदार गेंदबाजी भी चेन्नई के बल्लेबाजों की परीक्षा लेगी।
संजू और गायकवाड़ के कंधों पर चेन्नई की उम्मीदें
महेंद्र सिंह धोनी की प्रत्यक्ष भूमिका के बिना भी सीएसके जीत की पटरी पर दौड़ रही है। टी-20 विश्व कप के हीरो और टीम के मौजूदा कप्तान संजू सैमसन शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने 11 मैचों में 53.75 की औसत से 430 रन बनाकर टीम को फ्रंट से लीड किया है। ऋतुराज गायकवाड़ ने भी 293 रनों के साथ निरंतरता दिखाई है। पिछले मैच में महज 13 गेंदों पर अर्धशतक जड़ने वाले उर्विल पटेल की आक्रामकता लखनऊ के लिए परेशानी बन सकती है। गेंदबाजी में अंशुल काम्बोज (19 विकेट) और जेमी ओवरटन (14 विकेट) की जोड़ी शानदार प्रदर्शन कर रही है। मध्यक्रम में शिवम दुबे का ‘फिनिशर’ अवतार चेन्नई की सबसे बड़ी ताकत है।
संभावित बदलाव और रणनीतिक दांव
लखनऊ का टीम प्रबंधन इस मुकाबले में अपनी बेंच स्ट्रेंथ को आजमा सकता है। कुछ नए चेहरों को शामिल कर विपक्षी टीम को चौंकाने की तैयारी है। इकाना की पिच को देखते हुए मुकाबला हाई-स्कोरिंग होने की उम्मीद है, जहां टॉस की भूमिका भी अहम हो सकती है।
ये भी पढ़ें :
लखनऊ : इकाना में महामुकाबले से पहले दोनों टीमों ने बहाया पसीना, होम ग्राउंड पर जीत के लिए LSG ने कसी कमर
