लखनऊ : इकाना में महामुकाबले से पहले दोनों टीमों ने बहाया पसीना, होम ग्राउंड पर जीत के लिए LSG ने कसी कमर
लखनऊ, अमृत विचार : लखनऊ सुपर जायंट्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच होने वाले मुकाबले से पहले मंगलवार शाम अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में दोनों टीमों ने जमकर अभ्यास किया। मैच की पूर्व संध्या पर खिलाड़ियों ने नेट्स में अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दिया।
12.jpg)
सीएसके की ओर से कोच स्टीफन फ्लेमिंग, संजू सैमसन और ऋतुराज गायकवाड़ देर तक रणनीति पर चर्चा करते नजर आए। वहीं एलएसजी के कप्तान ऋषभ पंत, निकोलस पूरन और मिचेल मार्श ने भी नेट्स में लंबे समय तक अभ्यास किया। मोहम्मद शमी और युवा गेंदबाज प्रिंस यादव ने गेंदबाजी कर अपनी लय को धार दी। बल्लेबाजों ने बड़े शॉट्स पर विशेष ध्यान दिया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों में मुकाबले को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
इस बार इकाना में नहीं दिखेंगे धोनी
एमएस धोनी के लखनऊ न आने से क्रिकेट प्रेमियों में निराशा है। जानकारी के अनुसार, वह टीम के साथ लखनऊ नहीं पहुंचे हैं और इस मुकाबले में उपलब्ध नहीं रहेंगे। बताया जा रहा है कि सीजन शुरू होने से पहले उनकी पिंडली में खिंचाव आया था, जिसके बाद रिकवरी के दौरान मांसपेशी फिर से खिंच गई। इसी कारण उनकी वापसी टल गई है। आईपीएल करियर के अंतिम चरण में यह सीजन धोनी के लिए अब तक निराशाजनक रहा है।
एलएसजी अगले सीजन के लिए बनाएगी नई रणनीति: कार्ल क्रो
12.jpg)
आईपीएल प्लेऑफ की दौड़ से बाहर होने के बाद लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के गेंदबाजी कोच कार्ल क्रो ने कहा कि टीम का अंतिम चार से बाहर होना निराशाजनक है, लेकिन बाकी बचे मुकाबलों में खिलाड़ी पूरी ताकत से फ्रेंचाइजी के सम्मान के लिए खेलेंगे। इकाना स्टेडियम में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान उन्होंने माना कि टीम घरेलू मैदान की लाल और काली मिट्टी वाली पिचों को सही तरह से समझ नहीं सकी, जिसका असर प्रदर्शन पर पड़ा।
क्रो ने कहा कि कई मैचों में गेंदबाजी ने अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन बल्लेबाजी अपेक्षा के अनुरूप नहीं रही। उन्होंने बताया कि टीम अब अगले सीजन के लिए स्पष्ट रणनीति के साथ आगे बढ़ेगी और खिलाड़ियों के विकास पर फोकस रहेगा। स्पिन विभाग की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि अगले 12 महीने खिलाड़ियों के लिए बेहद अहम होंगे। उन्होंने सुनील नरेन और क्रुणाल पांड्या का उदाहरण देते हुए कहा कि अनुभवी स्पिनर मैच का रुख बदल सकते हैं।
चोटों से बिगड़ा टीम संतुलन: स्टीफन फ्लेमिंग
12.jpg)
चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने कहा कि चोटों के कारण टीम का संतुलन प्रभावित हुआ। तेज गेंदबाज जेमी के चोटिल होने को उन्होंने दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि तेज गेंदबाजों में चोट का जोखिम हमेशा अधिक रहता है। उन्होंने कहा कि सिर्फ महंगे खिलाड़ी होना पर्याप्त नहीं होता, युवाओं को सही मौके देना जरूरी है। फ्लेमिंग ने लगातार हार के बाद टीम की वापसी पर संतोष जताते हुए कहा कि डेवाल्ड ब्रेविस और शिवम दुबे जैसे खिलाड़ी टीम को मजबूत फिनिश देने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
