Sitapur News : आंध्र प्रदेश से आ रही श्रद्धालुओं से भरी बस खाई में गिरी, बाइक सवार की मौत, 22 श्रद्धालु घायल
सीतापुर, अमृत विचार। नैमिषारण्य दर्शन कर अयोध्या जा रही आंध्र प्रदेश के श्रद्धालुओं की बस अचानक सामने से आए बाइक सवार को बचाने में अनियंत्रित होकर खंती में पलट गई। सीतापुर जनपद के संदना थानाक्षेत्र में संदना- मिश्रिख मार्ग पर बरगदिया गांव के पुल के निकट हुए हादसे में बाईक सवार सीतापुर निवासी और बस सवार आंध्र प्रदेश के टूर संचालक की मौत हो गई। हादसे में 22 घायल हुए हैं, जिसमें से चार की हालत गंभीर है। डीएम-एसपी ने मौके पर पहुंचकर घायलों को राहत दिलवाई, एक श्रद्धालु को गंभीर अवस्था में ट्रामा सेंटर भेजा गया है। बस में 45 यात्री सवार थे।
आंध्र प्रदेश के पलनाडू जनपद के नरसा राव पेटा थाना क्षेत्र स्थित नरसा राव पेटा निवासी रामकृष्ण (50) पुत्र वेंकट राव के मुताबिक, इलाके का शिवकुमार (40) पुत्र वीरबद्रा टूर संचालक था। ये आंध्र प्रदेश के पलनाडू जनपद के नरसा राव पेटा से 45 श्रद्धालुओं को लेकर अयोध्या और नैमिषारण्य धाम आदि की यात्रा कराने के लिए निकले थे। अयोध्या के बाद सभी लोग नैमिषारण्य पहुंचे। देव-दर्शन के बाद सभी श्रद्धालु अयोध्या वापसी करने लगे। सीतापुर जनपद के संदना-मिश्रिख मार्ग पर बस बरगदिया पुल के नजदीक पहुंची।

इसी दौरान मुख्य मार्ग से सटे जैनापुर गांव से बाइक अचानक सामने आ गई। ऐसे में बस अनियंत्रित हो गई और दस फीट से अधिक गहरी खंती में पेड़ से जा टकराई, हादसे में पेड़ और बस के बीच बस यात्री फंस गए। राहगीर और पुलिस की मदद से एक-एक कर सभी को बाहर निकाला गया। टूर संचालक शिवकुमार और बाइक सवार संदना थाना क्षेत्र के मिरकापुर मजरा आमाघाट निवासी ओमप्रकाश (57) पुत्र परमेश्वर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना पाकर डीएम डॉ. राजा गणपति आर. और एसपी अंकुर अग्रवाल मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू कराकर घायल यात्रियों को बाहर निकालवाया।
बाइक सवार ओमप्रकाश की पत्नी जय देवी (55), श्रद्धालु एगृलक्ष्मी(44) पत्नी रामकृष्ण, श्रीनिवास राव (54) पुत्र सुब्बाराव, वाईबी मोहन रेड्डी (56) पुत्र प्रताप रेड्डी, रूसन्ना (51) पत्नी वाईबी मोहन रेड्डी, बी प्रवीण कुमार (48) पुत्र मधुसूदन राव, एलवीरा भद्रा (42) पुत्र नागेश्वर, राघवम्मा, कामनेनी (55), पदमा (50), आनंद कुमार (65), नागाराजा (58), साईं (25), रमेश (58), ललिता (52), फैवीतेजा (28), भारती (60), प्रियंका (30), साईंराम (30), गायित्री (50), प्रवीण (50), डीआर तेजा (25) और आगरा जनपद के अछनेरा थानाक्षेत्र के चांदन निवासी यशवीर (32) पुत्र सुरेश घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मछरेहटा और जिला अस्पताल भिजवाया गया।

30 मिनट तक चला श्रद्धालुओं के लिए रेस्क्यू
एएसपी दुर्गेश सिंह ने खंती में पेड़ और बस के बीच फंसे यात्रियों के लिए जेसीबी और क्रेन से मदद ली। सभी को निकालने के लिए आधे घंटे से कुछ अधिक का समय लगा। कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को स्वास्थ्य उपचार के लिए भेजकर बस को बाहर निकलवाकर सामान सुरक्षित करवाया।
प्रशासक के साथ कुशल चिकित्सक की भी निभाई भूमिका
जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. एक कुशल चिकित्सक भी रहे हैं। हादसे के बाद उन्होंने इसी भूमिका का बखूबी निर्वाहन किया। सीएचसी पहुंचकर घायलों का न सिर्फ हाल जाना, बल्कि उपचार में लगे चिकित्सक डॉ. कमलेश के साथ प्रमुख सहयोगी की भूमिका में भी नजर आए, संवाद के बीच डीएम श्रद्धालुओं को प्रोत्साहित भी करते दिखे, ऐसा इसलिए ताकि हादसे की पीड़ा कम की जा सके।
