Indian Railway: बरेली से मुंबई के बीच किराए में भारी कटौती, 390₹ कम हुआ इस ट्रेन का किराया
स्पेशल ट्रेन के नाम पर यात्रियों से रेलवे वसूल रहा था अधिक किराया
बरेली से मुंबई तक सफर करने वाले यात्रियों को रेलवे ने बड़ी राहत दी है। काठगोदाम-मुंबई सेंट्रल के बीच चलने वाली स्पेशल ट्रेन को नियमित कर दिया गया। स्पेशल ट्रेन को नियमित करने का फायदा ये हुआ कि मुंबई तक के किराए में भारी कमी आई। किराया करीब 16 फीसद तक कम हो गया। इस ट्रेन की सभी श्रेणियों में सफर करने वाले यात्रियों को इसका फायदा मिलेगा।
मोनिस खान, बरेली। बरेली से मुंबई तक सफर करने वाले यात्रियों को रेलवे ने बड़ी राहत दी है। काठगोदाम-मुंबई सेंट्रल के बीच चलने वाली स्पेशल ट्रेन को नियमित कर दिया गया। स्पेशल ट्रेन को नियमित करने का फायदा ये हुआ कि मुंबई तक के किराए में भारी कमी आई। किराया करीब 16 फीसद तक कम हो गया। इस ट्रेन की सभी श्रेणियों में सफर करने वाले यात्रियों को इसका फायदा मिलेगा।
मुंबई का किराया 390 रुपये तक कम
स्पेशल नंबर 09075/09076 के साथ काठगोदाम से मुंबई सेंट्रल के बीच समर स्पेशल ट्रेन का संचालन रेलवे ने शुरू किया था। जिसका नंबर बदलकर रेलवे ने नियमित कर दिया है। खास बात ये कि नंबर बदलने के बाद बरेली से मुंबई तक का किराया सेकेंड एसी में 390 रुपये कम हो जाएगा। 21907 मुंबई सेंट्रल-काठगोदाम सुपरफास्ट 27 मई से हर बुधवार को मुंबई सेंट्रल से चलेगी। यह अगले दिन सुबह 9:45 बजे बरेली पहुंचेगी। 21908 काठगोदाम-मुंबई सेंट्रल सुपरफास्ट 28 मई से हर बृहस्पतिवार को काठगोदाम से रवाना होगी। यह रात 8:15 बजे बरेली आएगी।

बेंगलुरु की ट्रेन का किराया भी होगा कम
बरेली के यात्रियों की लंबे समय से मांग थी कि बरेली से बेंगलुरु के लिए ट्रेन का संचालन किया जाए। बीते साल बरसो पुरानी मांग पूरी हुई और ट्रेन का संचालन शुरू किया गया। मगर स्पेशल ट्रेन होने की वजह से यात्रियों को बढ़ा हुआ किराया देना पड़ रहा था। मगर अब रेल प्रशासन ने ट्रेन संख्या 05074 को नियमित करने का फैसला किया है। हालांकि आधिकारिक रूप से अभी इसकी जानकारी नहीं दी गई है। मगर ट्रेन का नियमित नंबर जारी होने के बाद इस ट्रेन के किराए में भी 15 से 16 फीसदी तक की कमी आना तय है।
जानिए क्या बोले रेल अधिकारी
इज्जतनगर रेल मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा ने बताया कि काठगोदाम-मुंबई सेंट्रल एक्सप्रेस को नियमित कर दिया गया है। लिहाजा यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि अब यात्रियों से इस ट्रेन में नियमित ट्रेन की तरह किराया वसूला जाएगा। बरेली से मुंबई के बीच 16 फीसद तक किराए में कमी आएगी।
