नौतपा से पहले ही तपने लगा यूपी: अगले 48 घंटे और भारी, मौसम विभाग का 'रेड अलर्ट' जारी
-मौसम विभाग का रेड अलर्ट, सात दिन तक लू से राहत के आसार नहीं -लखनऊ समेत कई जिलों में स्कूल बंद, बांदा में पारा 47.6 डिग्री पहुंचा
लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए चेतावनी दी है कि आगामी 48 घंटे स्थिति और गंभीर हो सकती है। प्रदेश के ज्यादातर जिलों में अगले सात दिनों तक लू चलने की संभावना जताई गई है।
भीषण गर्मी को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के साथ जिलाधिकारियों को स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा पर भी सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। लखनऊ के जिलाधिकारी विशाख जी ने सभी बोर्ड के स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित कर दिया है।
आदेश के बाद राजधानी के सभी विद्यालय बंद कर दिए गए हैं। प्रशासन ने बच्चों के स्वास्थ्य को देखते हुए यह फैसला लिया है। मौसम विभाग ने बुंदेलखंड और आसपास के जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, फतेहपुर, झांसी, जालौन और वाराणसी समेत कई जिलों में भीषण गर्मी और लू की चेतावनी जारी की गई है।
प्रदेश में बांदा लगातार पांचवें दिन सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कई शहरों में तापमान 43 से 45 डिग्री के पार पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार एंटी-साइक्लोन और शुष्क पछुआ हवाओं के कारण हालात और गंभीर बने हुए हैं। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और सतर्क रहने की सलाह दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सभी विभागों को अलर्ट मोड में रहने और गर्मी से संबंधित बीमारियों की रोकथाम के निर्देश दिए हैं।
इन जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट
• रेड अलर्ट : बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, मिर्जापुर, वाराणसी, जौनपुर आदि
• ऑरेंज अलर्ट : कानपुर, आगरा, मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, झांसी, ललितपुर, मथुरा समेत कई जिले
• लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या, देवरिया सहित कई जिलों में लू की चेतावनी
‘नौतपा’ को लेकर फिर चर्चा में घाघ की कहावत
कन्नौज के लोककवि घाघ की मौसम संबंधी कहावतें एक बार फिर चर्चा में हैं। “तपै नवतपा नव दिन जोय, तौ पुन बरखा पूरन होय” कहावत के अनुसार यदि नौतपा के दौरान तेज गर्मी पड़ती है तो अच्छी बारिश की संभावना मानी जाती है। इस वर्ष नौतपा 25 मई से 2 जून तक रहेगा। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि इस दौरान भीषण गर्मी और लू का असर और बढ़ सकता है।
यूपी में 33 हजार मेगावाट तक पहुंची बिजली की मांग
प्रदेश में विद्युत मांग रात्रि में लगभग 32 से 33 हजार मेगावाट तक पहुंच रही है। इसके लिए उप्र. पावर कारपोरेशन दीर्घकालिक एवं अल्पकालिक अनुबंधों, ऊर्जा एक्सचेंजों और विभिन्न राज्यों से ऊर्जा बैंकिंग के माध्यम से कोशिश कर रहा है। पावर कारपोरेशन के निदेशक वितरण ज्ञानेन्द्र धर द्विवेदी ने बताया कि भीषण गर्मी को देखते हुए प्रदेश में 22 मई को दोपहर 2:30 बजे बिजली की उच्चतम आपूर्ति 30357 मेगावाट थी। प्रचंड गर्मी में उपभोक्ताओं को असुविधा न हो, इस दृष्टि से कारपोरेशन निर्बाध बिजली देने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
