सैन फ्रांसिस्को जा रहा Air India का विमान लौटा दिल्ली, 8 घंटे हवा में अटकी रही 230 यात्रियों की जान 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

दिल्ली। एअर इंडिया का अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को जा रहा एक विमान बुधवार सुबह तकनीकी खराबी के कारण आठ घंटे से अधिक समय तक हवा में रहने के बाद दिल्ली लौट आया। विमानन कंपनी ने यह जानकारी दी। विमान में लगभग 230 यात्री सवार थे और तीन घंटे से अधिक समय तक चीन के हवाई क्षेत्र में रहने के बाद यह वापस राष्ट्रीय राजधानी की ओर लौट आया।

एअर इंडिया ने एक बयान में बताया कि बोइंग 777-300 ईआर द्वारा संचालित उड़ान संख्या एआई173 ने दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को के लिए उड़ान भरी थी लेकिन मानक सुरक्षा प्रक्रियाओं के अनुरूप विमान राजधानी लौट आया।

एअर इंडिया ने बताया, "विमान सुरक्षित रूप से उतर गया और विमानन कंपनी के सुरक्षा मानकों के अनुसार इसकी तकनीकी जांच की जाएगी।" 

एअर इंडिया के मुताबिक, विमानन कंपनी यात्रियों के लिए वैकल्पिक उड़ानों की व्यवस्था कर रही है और जलपान, होटल में ठहरने और यात्रा का समय बदलने जैसे सहायता विकल्प उपलब्ध करा रही है। कंपनी ने तकनीकी समस्या की प्रकृति के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। 

उड़ानों के परिचालन पर नजर रखने वाली वेबसाइट फ्लाइटरडार24 डॉट कॉम पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, तीन घंटे से अधिक समय तक चीन के हवाई क्षेत्र में रहने के बाद विमान राष्ट्रीय राजधानी की ओर लौट आया। एअर इंडिया ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए बताया कि उन्हें जल्द से जल्द उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। 

विमानन कंपनी ने बताया, "इस बीच, हमारी टीमें यात्रियों को जलपान, होटल में ठहरने या उनकी इच्छानुसार यात्रा का समय बदलने सहित सभी आवश्यक सहायता प्रदान कर रही हैं।

ये भी पढ़ें  : 
भारत-पाक सीमा पर चलेगा बुलडोजर, गृह मंत्रालय के सख्त निर्देश, ध्वस्त किये जाए सीमाओं के 0-15 किमी में अवैध निर्माण

संबंधित समाचार