Bareilly News: हादसा नहीं हत्या थी पुष्पेंद्र की मौत, पोस्टमार्टम से खुला राज, गला दबाकर किया गया था कत्ल
बरेली, अमृत विचार। थाना सिरौली क्षेत्र में सड़क किनारे मिले बदायूं के रहने वाले युवक का शव मिलने के मामले में नया मोड़ आ गया है। परिजन पुष्पेन्द्र की हादसे में मौत मान रहे थे, लेकिन पोस्टमार्टम में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई है। पुलिस युवक के कातिलों की तलाश में जुटी है।
परिवार मान रहा था हादसा
पुलिस के अनुसार, बदायूं में थाना बिसौली क्षेत्र के गांव डबतोरी निवासी राजवीर ने बताया कि उनका 25 वर्षीय बेटा पुष्पेंद्र अलीगंज कस्बे में पत्नी देवी की पथरी और गांठ की दवा लेने आया था। बाद में उसका गुलड़िया गौरीशंकर के पास सड़क किनारे उसका शव मिला था। परिजनों को आशंका थी कि किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से उसकी मौत हो गई।
कातिलों की तलाश में पुलिस
पुलिस ने शव जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया था। मृतक के पास मिले दस्तावेजों से उसकी पहचान पुष्पेन्द्र के रूप में हुई थी। परिजनों ने किसी रंजिश से भी इंकार किया था। पुष्पेंद्र मजदूरी कर परिवार चला था। किसी से उसका विवाद नहीं था। शव के पोस्टमार्टम में युवक की गला दबाकर हत्या की पुष्टि होने से पुलिस उलझ गई है। अफसरों का कहना है कि सभी पहलुओं पर छानबीन के साथ पुलिस कातिलों की खोजबीन में जुटी है।
