Sultanpur Crime News : देवपरापार में युवक की गला दबाकर हत्या, इलाके में सनसनी

Amrit Vichar Network
Edited By Deepak Mishra
On

सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले के जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के देवपरापार गांव में एक युवक की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने शनिवार को बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। 

मृतक की पहचान सूरज (25) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, सूरज शुक्रवार रात करीब आठ बजे शौच के लिए घर से निकला था। कुछ देर बाद गांव के एक व्यक्ति ने खेत में उसका शव देखा और इसकी सूचना ग्रामीणों तथा पुलिस को दी। 

सूचना मिलते ही जयसिंहपुर के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) सुनील कुमार सिंह और कोतवाली प्रभारी विवेक कुमार राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंचे और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। 

अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) बृजनारायण सिंह ने बताया कि 22 मई की रात करीब नौ बजे थाना जयसिंहपुर को देवपरापार गांव में सूरज की गला दबाकर हत्या किए जाने की सूचना मिली थी। उन्होंने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

 एएसपी ने कहा कि फील्ड यूनिट की टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था सामान्य है तथा विस्तृत कानूनी कार्रवाई जारी है। 

संबंधित समाचार