बरेली: डेंगू से आशा की मौत, 450 के करीब पहुंची मरीजों की संख्या
बरेली, अमृत विचार। जिले में डेंगू का प्रकोप कम नहीं हो रहा है। शनिवार को क्यारा ब्लॉक में तैनात आशा कार्यकर्ता की डेंगू से निजी अस्पताल में मौत हो गई। डेंगू से मौत की खबर मिलने के बाद क्षेत्र में खलबली मची हुई है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी डेंगू पर काबू होने का दावा कर …
बरेली, अमृत विचार। जिले में डेंगू का प्रकोप कम नहीं हो रहा है। शनिवार को क्यारा ब्लॉक में तैनात आशा कार्यकर्ता की डेंगू से निजी अस्पताल में मौत हो गई। डेंगू से मौत की खबर मिलने के बाद क्षेत्र में खलबली मची हुई है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी डेंगू पर काबू होने का दावा कर रहे हैं लेकिन, स्थिति रोजाना बिगड़ती ही जा रही है।
विभागीय रिपोर्ट के अनुसार क्यारा ब्लॉक पर आशा कार्यकर्ता के तौर पर तैनात चौबारी निवासी शशि वाला को परिजनों ने तीन दिन पहले हल्का बुखार होने पर स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। जहां जांच के दौरान डाक्टरों ने डेंगू की पुष्टि बताई। जिसके बाद उनकी प्लेटलेट्स 30 हजार रह गई थीं। इसके बाद हालत बिगड़ती चली गई। शनिवार को शशिवाला ने उपचार के दौरान ही दम तोड़ दिया। सीएमओ डा. बलवीर सिंह ने बताया कि क्षेत्र में फागिंग और एंटी लार्वा का छिड़काव भी कराया जाएगा। डेंगू निरोधात्मक कार्रवाई के डीबीसी को भी भेजा जाएगा।
450 पहुंची डेंगू के मरीजों की संख्या
जिले में भाई दूज पर 11 नए मरीजों को डेंगू का डंक लगा। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार शनिवार को कुल 96 लोगों की डेंगू की जांच की गई, जिसमें 11 लोगों की एलाइजा रीडर जांच में डेंगू की पुष्टि हुई है। जिले में 8 लोगों की रिपोर्ट निजी लैब से पॉजिटिव आई है, वहीं, तीन लोगों की निजी मेडिकल कालेज में जांच की गई थी। इसमें से अभी शहरी क्षेत्र के निवासी है। डेंगू के मरीजों में पटेल विहार, आवास विकास, सीबीगंज, कृष्णा नगर, गांधी नगर, राजेंद्र नगर, सहसवानी टोला, सुभाष नगर में डेंगू के मरीज निकले है। शनिवार को 11 नए मरीजों के निकलने के बाद ही जिले में कुल डेंगू के मरीजों की संख्या 446 पहुंच गई है।
