मुरादाबाद : डॉ. प्रवीण तोगड़िया बोले- तब्लीगी जमात पर प्रतिबंध नहीं लगा तो हालात हो जाएंगे खराब
मुरादाबाद, अमृत विचार। अंतर्राष्ट्रीय हिन्दू परिषद के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण तोगड़िया ने आतंकवाद और तब्लीगी जमात पर जमकर निशाना साधा। केंद्र सरकार से तब्लीगी जमात पर तुरंत प्रतिबंध लगाने की मांग की। कहा कि अगर प्रतिबंध नहीं लगा तो आने वाले समय में भारत भी अफगानिस्तान बन जाएगा। हिन्दुओं को अपनी रक्षा करना मुश्किल हो …
मुरादाबाद, अमृत विचार। अंतर्राष्ट्रीय हिन्दू परिषद के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण तोगड़िया ने आतंकवाद और तब्लीगी जमात पर जमकर निशाना साधा। केंद्र सरकार से तब्लीगी जमात पर तुरंत प्रतिबंध लगाने की मांग की। कहा कि अगर प्रतिबंध नहीं लगा तो आने वाले समय में भारत भी अफगानिस्तान बन जाएगा। हिन्दुओं को अपनी रक्षा करना मुश्किल हो जाएगी। उन्होंने कश्मीर में बढ़ रहे आतंकवाद के संबंध में कहा कि कश्मीर को कैंसर की बीमारी है, जबकि केंद्र सरकार मलेरिया का उपचार कर रही है। हिन्दुओं के उत्थान के लिए परिषद द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के संबंध में भी जानकारी दी।
डॉ. प्रवीण तोगड़िया बुधवार की देर शाम लाजपतनगर स्थित रामलीला मैदान में हिन्दू परिषद की ओर से होने वाले कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही उन्होंने सबसे पहले दीप प्रज्ज्वलित किया। बाद में पुरोहितों ने तलवार और पगड़ी पहनाकर उनका स्वागत किया। स्वागत समारोह के बाद तोगड़ियों ने आतंकवाद, तब्लीगी जमात पर जमकर निशाना साधा तो वहीं किसानों के हक की आवाज भी उठाई।
उन्होंने किसी भी राजनीतिक पार्टी के पक्ष या विपक्ष में बयान देने से दूरी बनाए रखी। आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के सवाल को वह टाल गए। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसी हो जो हिन्दू हितों का ख्याल रखें। हालांकि जनता खुद समझदार है और वह अपनी सरकार चुनेगी। तीन कृषि कानून वापस लेने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह केंद्र सरकार का अच्छा फैसला है। एक साल बाद किसान अपने घर लौट रहा है। हालांकि उन्होंने किसानों के हित में सभी फसलों का न्यूनतम मूल्य तय करने की बात कही।
उन्होंने कहा कि किसान कम दामों में अपनी फसल बेचने को मजबूर है, जोकि किसानों के हक में डाका है। केंद्र सरकार किसानों के हित के लिए सभी फसलों का न्यूनतम मूल्य तय करें। आंदोलन के दौरान काल के गाल में समाए 700 किसानों के परिजनों को एक-एक करोड़ का मुआवजा देने की मांग की। कश्मीर पर आए दिन होने वाले आतंकी हमलों के सवाल पर प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि कश्मीर की समस्या कैंसर है, यह कैंसर इस्लामिक जेहादी आतंकवाद है।
संसद में सख्त कानून बनाकर इस्लामिक जेहादी आतंकवाद के खात्मे के लिए युद्ध किया जाना जरूरी है। हिन्दुओं की घटती जनसंख्या पर कहा कि केंद्र सरकार को दो से अधिक बच्चों पर प्रतिबंध लगाने का कानून बनाना चाहिए। अगर ऐसा नहीं हुआ तो आने वाले 50 सालों में हिन्दू अल्पसंख्यक हो जाएगा। अपने ही देश में हिन्दुओं को अपनी साख बचाना मुश्किल हो जाएगा। राममंदिर के निर्माण पर उन्होंने कहा कि यह हिन्दुओं के संघर्ष का परिणाम है। साथ ही उन्होंने मथुरा में कृष्ण मंदिर बनवाने की भी बात कही। इस मौके पर शकुंतला शर्मा, मनोज व्यास, कामेश्वर मिश्रा, ईश्वर प्रसाद, गौरव राघव, रोहन सक्सेना, भास्कर नंद और श्याम कुमार रस्तोगी आदि मौजूद रहे।
