Bareilly: मुंबई-बरेली फ्लाइट निरस्त होने से 457 यात्रियों को झटका

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। घने कोहरे के चलते बरेली-मुंबई फ्लाइट बुधवार को भी निरस्त रही। इससे सैकड़ों यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गईं। घने कोहरे के कारण बरेली एयरपोर्ट के आसपास दृश्यता शून्य होने से मुंबई-बरेली फ्लाइट की उड़ान को मुंबई में ही कैंसिल कर दिया गया, इसलिए मुंबई से आने वाले यात्री भी बरेली नहीं पहुंच सके। मुबई-बरेली फ्लाइट निरस्त होने से 457 यात्रियों को झटका लगा।

पिछले दो दिनों से घने कोहरे की चादर ने सड़क, रेल और हवाई यातायात को बुरी तरह से प्रभावित किया है। बरेली में बुधवार को भी घना कोहरा छाया रहा। इसके चलते मुंबई-बरेली की इंडिगो की फ्लाइट मुंबई में ही निरस्त कर दी गई, इसलिए वापसी का विकल्प समाप्त हो गया। सुबह करीब 10 बजे बरेली-मुंबई फ्लाइट के निरस्त होने की सूचना आते ही इंडिगो की टीम ने बरेली से जाने वाले यात्रियों को फोन पर मैसेज भेजकर जानकारी दी। यात्रियों को किराया वापस देने या फिर अगली फ्लाइट से जाने का ऑफर भी दिया गया है।

ज्यादातर यात्रियों ने अगली फ्लाइट से मुंबई जाने की बात कही। वहीं कई यात्रियों ने रिफंड लेकर दिल्ली से फ्लाइट से मुंबई जाने का विकल्प चुना। मुंबई की फ्लाइट को मंगलवार को बरेली के बजाय डायवर्ट करके दिल्ली में लैंड कराया गया था। एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारी ने बताया कि बुधवार को मुंबई से 223 यात्री बरेली आने थे और बरेली से 234 यात्रियों को मुंबई जाना था। बेंगलुरु-बरेली फ्लाइट गुरुवार को है। कोहरे के चलते दृश्यता शून्य रही तो बेंगलुरु फ्लाइट भी निरस्त हो सकती है।

संबंधित समाचार