रुद्रपुर: किच्छा के समीर हत्याकांड के आरोपी को छुड़वाने आये थे शूटर
रुद्रपुर, अमृत विचार। जिला सत्र एवं न्यायालय में पकड़े गये शूटर दहशत फैलाकर पेशी पर आने वाले अपने साथी को छुड़ाने आये थे। जिसका डीआईजी कुमांऊ ने खुलासा किया। मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। जबकि चार आरोपी अभी फरार है। जिनकी पुलिस तलाश कर रही है। वही पकड़े गये आरोपियों …
रुद्रपुर, अमृत विचार। जिला सत्र एवं न्यायालय में पकड़े गये शूटर दहशत फैलाकर पेशी पर आने वाले अपने साथी को छुड़ाने आये थे। जिसका डीआईजी कुमांऊ ने खुलासा किया। मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। जबकि चार आरोपी अभी फरार है। जिनकी पुलिस तलाश कर रही है। वही पकड़े गये आरोपियों को पुलिस ने जेल में पेश किया। डीजीपी, डीआईजी और एसएसपी ने पुलिस टीम को नकद ईनाम देने की घोषणा की।
गुरुवार को पुलिस कार्यालय में मामले का खुलासा करते हुए डीआईजी कुमांऊ नीलेश आनंद भरणे और एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बताया कि बुधवार को पिस्तल के साथ पकड़े गये दो आरोपी किच्छा में हुए समीर हत्याकांड के मुख्य आरोपी अंग्रेज सिंह को छुड़वानें के लिए आये थे। उनका इरादा कोर्ट परिसर में फायरिंग कर दहशत फैलाकर आरोपी को भगा ले जाने का था।
बुधवार को अंग्रेज सिंह की कोर्ट में पेशी थी। लेकिन पुलिस को इसकी भनक पहले की लग गई और पुलिस सतर्क हो गई। जिसके बाद थाना पंतनगर, ट्रांजिट कैंप, एसओजी व पीएसी फोर्स ने कोर्ट परिसर में अपना जाल बिछा दिया और वाहनों की सघन चेकिंग शुरू कर दी। इस दौरान पुलिस को दो युवक कार में मिले। जिनके पास से पुलिस को एक पिस्टल और तमंचा बरामद हुआ।
पूछताछ में दोनों ने अपना नाम रिंकू कुमार निवासी ए-83 साउथ गणेश नगर दिल्ली-92 और उदय वीरेन्द्र सिंह उर्फ उदयवीर सिंह उर्फ सन्नी विर्क निवासी मजरा सिला थाना गदरपुर उधम सिंह नगर बताया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेशकर जेल भेज दिया। पुलिस टीम को एसएसपी ने 15 हजार रुपये नकद देने की घोषणा की है। वही डीजीपी अशोक कुमार और डीआईजी कुमांऊ नीलेश आनंद भरणे ने भी अपनी और से पुलिस टीम को ईनाम देने की घोषणा की।
पुलिस की कार्यवाही से अन्य बादमाश हुए फरार
रुद्रपुर। कोर्ट परिसर में सघन चेकिंग अभियान चलाकर पुलिस ने रिंकू और उदयवीर को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान उनके अन्य साथी भी कोर्ट परिसर के पास ही मौजूद थे। लेकिन पुलिस की कार्यवाही देख वह कोर्ट परिसर के बाहर से भाग खड़े हुए। फरार आरोपियों में मोहनपुर दिनेशपुर निवासी जुगराज उर्फ जग्गा प्रधान व ट्रांजिट कैम्प निवासी प्रबल जौहरी उर्फ सन्नी जौहरी व दानपुर निवासी मोनू चीमा व इन्दिरा कॉलोनी गली नं. 6 निवासी मोनू चीमा शामिल है।
वारदात को अंजाम देने के लिए लोडेड थी पिस्टल
रुद्रपुर। एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बताया कि कोर्ट परिसर में पकड़े गये युवकों में से रिंकू के कब्जे से एक पिस्टल कंट्री मेड .32 बोर व 05 जिंदा कारतूस .32 बोर बरामद हुए और उदयवीर के कब्जे से एक तमंचा 315 बोर व जेब से एक जिन्दा कारतूस 315 बोर बरामद हुआ । पकड़े गये आरोपी पेशेवर शूटर है और लोडेड पिस्टल रखने का मतलब उनको कोर्ट परिसर में गोलियां चलानी थी। जिससे वहां कई लोगों की जान जाने का खतरा भी था।
कड़ी सुरक्षा में कोर्ट में पेश हुए अपराधी
रुद्रपुर। कोर्ट परिसर में पकड़े गये बादमाशों को कड़ी सुरक्षा में पुलिस कार्यालय लाया गया। जहां मामले का खुलासा करने के बाद पुलिस ने उन्हें कड़ी सुरक्षा में ही कोर्ट में पेश किया। इस दौरान पुलिस कार्यालय से लेकर कोर्ट परिसर तक पुलिस के जवान तैनात रहे। वही कोर्ट परिसर में पर्याप्त संख्या में पुलिस फोर्स तैनात दिखा। इसके अलावा खुफिया विभाग के अधिकारी भी कोर्ट परिसर में मौजूद रहे। जो संदिग्धों पर अपनी नजर जमाये हुए थे। इनके फरार आरोपियों के चलते पुलिस कोई भी खतरा मोल लेने के मूड में नहीं थी। पुलिस को डर था कि कही इनके साथी इन्हे छुड़ाने के लिए कोई वारदात को अंजाम न दे दे। फिलहाल पुलिस कड़ी सुरक्षा में दोनों को कोर्ट में पेशकर दोनों को जेल भेज दिया।
