हादसे के संबंध में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री से चर्चा हुई, शवों को भिजवाएंगे ससम्मान : शिवराज

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चाैहान ने आज धार और खरगोन जिले की सीमा पर हुए बस हादसे के संबंध में बताया कि उनकी महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से इस संबंध में चर्चा हुई है और सभी शव ससम्मान उनके गृह क्षेत्र भेजे जाएंगे। चौहान ने अपने बयान में कहा कि सुबह महाराष्ट्र …

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चाैहान ने आज धार और खरगोन जिले की सीमा पर हुए बस हादसे के संबंध में बताया कि उनकी महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से इस संबंध में चर्चा हुई है और सभी शव ससम्मान उनके गृह क्षेत्र भेजे जाएंगे। चौहान ने अपने बयान में कहा कि सुबह महाराष्ट्र राज्य परिवहन निगम की एक बस साढ़े सात बजे इंदौर से चली थी। ये बस नर्मदा के खलघाट पुल पर अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए नदी में गिर गई। जैसे ही सूचना मिली तत्काल प्रशासन सक्रिय हुआ।

कलेक्टर, एसपी, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ की टीमें बचाव के लिए तत्काल रवाना की गई। दुर्घटना के आधे घंटे के अंदर ही कलेक्टर और एसपी दुर्घटना स्थल पर पहुंच गए थे। उन्होंने कहा कि बस निकाल ली गई, लेकिन बस में सवार लोगों को बचाया नहीं जा सका। पहले सूचना थी कि बस में 15-16 लोग सवार थे लेकिन अब तक 13 शव निकाले जा चुके हैं। एक संभावना इस बात की है कि इतने ही लोग हों। अभी बचाव का कार्य जारी है।

चौहान ने कहा कि उनकी महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से चर्चा हुई और उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस से भी चर्चा हो रही है। मध्यप्रदेश सरकार हर संभव व्यवस्थाएं करने की कोशिश कर रही है, जो शव मिल गए हैं, उनमें से पांच की पहचान हो चुकी है। उन्हें उनके गंतव्य पर भेजा जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्घटना की जांच के निर्देश दिए गए हैं। खरगोन जिले के प्रभारी मंत्री कमल पटेल को घटनास्थल पर रवाना होने के निर्देश दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें- नर्मदा हादसा : मृतकों के परिजन को मध्यप्रदेश सरकार देगी 4-4 लाख रुपए की राहत राशि

 

संबंधित समाचार