‘वोट चोरी’ के खिलाफ कांग्रेस की रैली को भाजपा ने बताया ‘‘घुसपैठियों’’ को बचाने की कोशिश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नयी दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने ‘‘वोट चोरी’’ के मुद्दे पर कांग्रेस की रैली से पहले रविवार को आरोप लगाया कि मुख्य विपक्षी दल यह कार्यक्रम इसलिए आयोजित कर रहा है ताकि ‘‘घुसपैठियों’’ को मतदाता सूची से हटाए जाने से ‘‘बचाया जा सके।’’ सत्तारूढ़ भाजपा ने दावा किया कि कांग्रेस लोगों को गुमराह करने और संवैधानिक संस्थाओं का अपमान करने एवं बदनाम करने की अपनी कोशिश में सफल नहीं होगी, क्योंकि पूरी दुनिया जानती है कि भारत का लोकतंत्र ‘‘बहुत मजबूत’’ है। 

चुनावों में ‘‘भाजपा द्वारा’’ कथित ‘‘वोट चोरी’’ के खिलाफ अपने अभियान को तेज करते हुए कांग्रेस ने रविवार को यहां रामलीला मैदान में एक रैली का आयोजन किया है। इस रैली में पार्टी के शीर्ष नेता शामिल होंगे, जिनमें महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा, के. सी. वेणुगोपाल, जयराम रमेश और सचिन पायलट शामिल हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भी जनसभा को संबोधित कर सकते हैं। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी भी कार्यक्रम में शामिल हो सकती हैं। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कार्यक्रम से पहले कहा कि कांग्रेस यह रैली ऐसे समय में कर रही है, जब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान चुनाव सुधारों पर हुई बहस में विपक्ष के कथित “गढ़े हुए” आरोपों का बिंदुवार खंडन करके उन्हें बेनकाब कर दिया है। 

पात्रा ने यहां संवाददाताओं से कहा, “यह दिखाता है कि सच आपके साथ नहीं है, फिर भी आप भ्रम का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। कांग्रेस की यह रैली ‘घुसपैठियों’ को बचाने की कवायद है। कांग्रेस यही कर रही है।” उन्होंने कहा, “कांग्रेस पार्टी लोगों को गुमराह करने के साथ-साथ हमारे संवैधानिक संस्थानों का अपमान करने और उन्हें बदनाम करने की चाहे जितनी कोशिश कर ले, लेकिन पूरी दुनिया जानती है कि भारत का लोकतंत्र बहुत मजबूत है और इसे हिलाया नहीं जा सकता।” भाजपा नेता ने कांग्रेस पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया और राहुल गांधी को चुनौती दी कि यदि उन्हें कोई अनियमितता लगती है तो वह बिहार विधानसभा चुनाव को चुनौती दें। पात्रा ने कहा, “राहुल जी, आपके पास अभी शायद 10 दिन का समय बचा है। अगर आपको बिहार विधानसभा चुनावों की किसी भी सीट पर चुनाव प्रक्रिया में कोई अनियमितता लगती है, तो आप अब भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।” 

यह भी पढ़ें : UP BJP President : पंकज चौधरी बने UP भाजपा के नए अध्यक्ष, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने किया ऐलान

संबंधित समाचार