UP BJP President : पंकज चौधरी बने UP भाजपा के नए अध्यक्ष, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने किया ऐलान

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ। राम मनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय प्रांगण के डॉक्टर भीमराव अंबेडकर सभागार में केंद्रीय वित्‍त राज्‍य मंत्री पंकज चौधरी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष निर्विरोध चुने गये। रविवार को इसकी औपचारिक घोषणा की गयी। पंकज चौधरी के निर्वाचन का औपचारिक ऐलान केंद्रीय चुनाव अधिकारी केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने किया। चौधरी के अलावा किसी अन्य उम्मीदवार ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद के लिये नामांकन दाखिल नहीं किया था। 

इस तरह शनिवार को ही उनके निर्विरोध निर्वाचन का रास्ता साफ हो गया था। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय चुनाव अधिकारी के. लक्ष्मण, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक एवं केशव प्रसाद मौर्य समेत भाजपा के अनेक वरिष्ठ नेता मौजूद थे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के विश्वस्त नेता माने जाने वाले केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी वर्ष 2024 में उत्तर प्रदेश की महराजगंज सीट से सातवीं बार सांसद चुने गये थे। वह अन्य पिछड़े वर्ग में शामिल कुर्मी समुदाय से आते हैं। 

कुर्मी समुदाय का उत्तर प्रदेश की राजनीति में खासा प्रभाव माना जाता है। साल 2024 के लोकसभा और 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में इस बिरादरी ने राज्य के मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी की ओर अपना झुकाव दिखाया था। माना जा रहा है कि कुर्मी मतदाताओं को अपने पाले में करने के लिये भाजपा ने चौधरी पर भरोसा जताया है। 

भाजपा उत्तर प्रदेश में पहले भी कुर्मी समुदाय के नेताओं को तीन बार प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त कर चुकी है। इनमें पूर्व सांसद विनय कटियार, पूर्व मंत्री ओम प्रकाश सिंह और जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह शामिल हैं। भाजपा के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी पर अगले साल होने वाले पंचायत चुनावों और वर्ष 2027 के प्रदेश विधानसभा चुनाव में पार्टी को जीत दिलाने की अहम जिम्मेदारी होगी।

चौधरी ने शनिवार को अपना नामांकन पत्र भाजपा राज्य चुनाव अधिकारी महेंद्र नाथ पांडेय (पूर्व केंद्रीय मंत्री) और केंद्रीय चुनाव पर्यवेक्षक विनोद तावड़े को सौंपा था। इस मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक और जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह भी मौजूद थे।  

संबंधित समाचार