काशीपुर: सुविधा शुल्क देने के बावजूद यात्रियों को नहीं मिल रही सुविधाएं 

यात्रियों को परोसा जा रहा वाहनों की धुलाई वाला पानी  

काशीपुर: सुविधा शुल्क देने के बावजूद यात्रियों को नहीं मिल रही सुविधाएं 

काशीपुर, अमृत विचार। सुविधा शुल्क देने के बाद भी यात्री रोडवेज डिपो में मूलभूत सुविधाओं से वंचित रहने को मजबूर हैं। यात्री वाहनों की धुलाई करने वाला पानी पीने और गंदगी से पटे शौचालयों का प्रयोग करने को विवश हो रहे हैं। विभागीय अधिकारी इस ओर कोई ठोस कदम उठाते नहीं दिख रहे हैं।

रोडवेज डिपो काशीपुर से टनकपुर, बरेली, दिल्ली, चंडीगढ़, जयपुर, लखनऊ, हरिद्वार, देहरादून आदि मार्गों पर हजारों यात्री प्रतिदिन सफर करते हैं। डिपो में शुद्ध पानी के लिए दो मशीनें लगाई गई थी, लेकिन देखरेख के अभाव में कुछ समय चलने के बाद दोनों खराब हो गई।

एक मात्र टोंटी लगी है। जिसमें ओवरहैड टैंक का पानी आता है। इसी पानी से रोडवेज की बसों की धुलाई होती और यात्री भी इसी पानी को पीकर अपनी प्यास बुझाते हैं। जिसके चलते रोडवेज डिपो में पानी के नाम गंदगी परोसी जा रही है।

अधिकारी खुद ओवरहैड टैंक की सफाई एक साल में करने बात कर रहे हैं। एक वर्ष में इस टैंक के अंदर कितनी गंदगी जमा हो सकती है, यह तो आप स्वयं अपने घरों की छत पर लगे पानी के टैंक की सफाई करते समय देख लेते हैं।

जबकि रोडवेज बसों से यात्रा करने वाले यात्रियों से परिवहन निगम सुविधा शुल्क भी वसूलता है। साथ ही वर्षों पूर्व बने शौचालय टूट फूट कर क्षतिग्रस्त होने लगे हैं। दरवाजे भी जगह-जगह से टूट चुके हैं। जिसके चलते महिला यात्रियों और कर्मचारियों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। साथ ही नगर निगम के माध्यम से परिसर में एक हाईटेक शौचालय भी बनाया गया।

जिसका प्रयोग करने पर शुल्क देना होता है। डिपो में यात्री मूलभूत सुविधा से वंचित रहने को मजबूर है, बावजूद इसके निगम इस ओर कोई ठोस कदम उठाने को तैयार नहीं है। जिसका खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ता है। इस संबंध में कुछ यात्रियों से वार्ता की गई। जिसमें कुछ यात्रियों में भी सुविधा शुल्क की जानकारी का अभाव देखने को मिला।


वर्षों से नहीं हुई रंगाई पुताई

रोडवेज डिपो भवन की वर्षों से रंगाई पुताई तक नहीं कराई गई है। आलम यह है कि कक्ष व छत जालों से पटे पड़े हुए हैं और तारों का जाल बना हुआ है। बावजूद इसके विभागीय अधिकारियों की नींद टूटती नहीं दिख रही है।


यात्रियों का है यह कहना 

-यात्री कमल ने बताया कि वह रुद्रपुर से यात्रा कर काशीपुर पहुंचे हैं। टिकट में सुविधा शुल्क लिया जाता है, इसकी जानकारी नहीं है। डिपो में पानी तक की सुविधा तो है नहीं है।

-यात्री अनिल वर्मा ने बताया कि वह रुद्रपुर जा रहे है। परिवहन निगम यात्रियों से सुविधा शुल्क लेता है इसकी जानकारी नहीं है। यदि सुविधा शुल्क लिया जा रहा है तो डिपो में यात्रियों को शुद्ध पेयजल तक मुहैया करना चाहिए।

-यात्री रिहान ने बताया कि डिपो में पानी की टोंटी लगी है, जिसके आसपास गंदगी जमा है। वहीं पर स्वच्छ भारत मिशन को लेकर एक बहुत सुंदर स्लोगन भी लिखा है। दुकान से पानी खरीदकर पी रहे हैं। डिपो के अधिकारियों को यह व्यवस्था करनी चाहिए।

-यात्री जीत सिंह ने बताया कि सुविधा शुल्क लेने के बाद भी डिपो में शौचालय गंदगी से पटे हैं। हाईटेक शौचालयों में शुल्क देना पड़ता है। शुद्ध पेयजल तक की व्यवस्था नही है।

यह भी पढ़ें: हल्द्वानी: जल जीवन मिशन की 7 योजनाओं से 5.5 हजार लोग लाभान्वित