हल्द्वानी: आम रह गया 'आम', काफल बन गया खास

Amrit Vichar Network
Published By Shweta Kalakoti
On

350 से 400 रुपए प्रति किलोग्राम बिक रहा काफल आम आदमी की पहुंच से बाहर, आम के दाम 50 से 60 रुपए प्रति किलोग्राम

हल्द्वानी, अमृत विचार। बाजार में आम के तमाम किस्मों की बहार है और इसी वजह से आम फलों का राजा है। शुरुआती सीजन में 50 से 60 रुपए प्रति किलोग्राम में बिक रहा आम, आम आदमी की पहुंच में हैं, लेकिन पहाड़ी काफल अपने दाम की वजह से खास की पहचान बन चुका है। हल्द्वानी का खुला बाजार हो या पहाड़ की पगडंडियों में बिकता काफल 350 से 400 रुपए प्रति किलोग्राम के हिसाब से बिक रहा है। 

काफल अपने स्वाद के लिए जाना जाता है और पहाड़ी नूण के साथ इसका स्वाद बेमिसाल है। हालांकि स्वाद के मामले में आम का कोई सानी नहीं। काफल के अलावा गर्मियों में पहाड़ से आने वाला आडू, पुलम और खुमानी बाजार पहाड़ी खरीदारों की पहली पसंद है। हालांकि काफल ने कीमत के मामले में इस समय सभी सीजनल फलों को पीछे छोड़ दिया है, फिर वह फलों का राजा आम ही क्यों न हो।

जहां एक तरफ आम 50-60 रुपए प्रति किलो बिक रहा है, वहीं काफल के दाम आम से आठ गुना ज्यादा हैं। कीमत के हिसाब से इस वक्त बाजार में काफल से महंगा फल कोई नहीं है। पहाड़ों में 40-45 रुपए प्रति किलो बिक रहा आडू शहर के बाजार में  130-150 रुपये प्रति किलो के भाव से मिल रहा है। जबकि 40-50 रुपए प्रति किलो बिकने वाला पुलम और खुमानी के दाम 120-140 रुपए प्रति किलो है। वहीं लीची 100-120 प्रति किलो बिक रही है। हल्द्वानी मंडी में इस समय तल्ला रामगढ़, मल्ला रामगढ़, नथुवाखान, धारी और पदमपुरी से आडू, पुलम और खुमानी की आवक हो रही है। 

 
इस साल के सीजनल फलों के रेट-


फल                   रेट प्रति क्विंटल(2023)       पिछले वर्ष के रेट    
आडू                  2000 - 3000                   2000 - 3000       
खुमानी               3000 - 4000                   3000 - 4000       
पुलम                  2500 - 3500                   3000 - 4000       
लीची                  4000 - 4500                   3000 - 3500       
आम ( सफेदा )    2000 - 2500                   2200 - 2500       

शहर में इस भाव बिक रहे सीजनल फल


फल         रेट प्रति किग्रा
काफल       350-400
आडू          130-150
खुमानी       120-140
पुलम         120-140
लीची          100-120
आम ( सफेदा )50-60