पुतिन की Wagner Group को धमकी, बोले- येवगेनी प्रिगोझिन ने हमारी पीठ में छुरा घोंपा, सैन्य विद्रोह को कुचल देंगे
मॉस्को। रूस में गृहयुद्ध का संकट गहराता जा रहा है। रूस में वैगनर ग्रुप ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के खिलाफ तख्तापलट का ऐलान किया है। वैगनर ग्रुप और रूस की सेना के बीच तनाव पैदा हो गया है। रूस से जुड़े लड़ाकू समूह (वैगनर ग्रुप) के सरगना येवगेनी प्रिगोझिन ने मॉस्को को सजा देने और बदला लेने की कसम खाई है। रोस्तव सिटी में सेना ने एक इमारत पर कब्जा कर लिया है।
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने निजी सेना 'वैगनर ग्रुप' के प्रमुख येवेनी प्रीगोझिन द्वारा सशस्त्र विद्रोह का ऐलान करने और शनिवार को देश के एक अहम शहर में दाखिल होने के बीच राष्ट्र को संबोधित किया। इस दौरान पुतिन ने घोषणा करते हुए कहा कि वैगनर ने हमारी पीठ में छुरा घोंपा है। वैगनर आर्मी के सैन्य विद्रोह को कुचल देंगे। उन्होंने सेना को चुनौती दी है। देश की जनता को धोखा दिया है। हम हर हाल में नागरिकों की रक्षा करेंगे।
'हम रूस और उसके लोगों की रक्षा करेंगे'
पुतिन ने प्रीगोझिन द्वारा सशस्त्र विद्रोह के ऐलान को ‘विश्वासघात’ एवं ‘देशद्रोह’ करार दिया और ‘रूस और उसके लोगों की हर हाल में रक्षा’ करने का भरोसा दिलाया। पुतिन ने कहा कि रूस अपने भविष्य के लिए सबसे कठिन लड़ाई लड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह विद्रोह हमारे देश के लिए बहुत बड़ा खतरा है और हम इसके खिलाफ कठोर कार्रवाई करेंगे। रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने कहा, विद्रोह की साजिश रचने वाले सभी लोगों को कठोर सजा भुगतनी होगी। सशस्त्र बलों और अन्य सरकारी एजेंसियों को आवश्यक आदेश जारी कर दिए गए हैं। ' दरअसल, रूसी मीडिया की तरफ से जारी तस्वीरों में रोस्तोव शहर की सड़कों पर वैगनर की बख्तरबंद गाड़ियां दिखाई गईं।
Military coup appears to be underway in Russia after the brutal Wagner mercenaries brigade, which has 50,000 troops, turned on Putin. #Prigozhin #Wagner #WagnerGroup #putinpic.twitter.com/00unZy2tTq
— Paul Golding (@GoldingBF) June 24, 2023
पुतिन ने कहा, मैं रूस के नागरिकों, सशस्त्र बलों, कानून प्रवर्तन एजेंसियों और विशेष सेवाओं के कर्मियों तथा युद्धक स्थानों पर लड़ रहे सेनानियों और कमांडरों से अपील करता हूं कि वे दुश्मन के हमलों को नाकाम कर रहे हैं और वीरतापूर्वक ऐसा कर रहे हैं। पुतिन ने अपने संबोधन में कहा, मुझे पता है कि आज मैंने सभी लाइनों के कमांडरों से फिर बात की। मैं उन लोगों से भी अपील करता हूं, जिन्हें धोखे या धमकी के जरिए इस आपराधिक साहसिक कार्य में शामिल किया गया और सशस्त्र विद्रोह के गंभीर अपराध के रास्ते पर धकेल दिया गया।
वैगनर ग्रुप' प्रमुख प्रीगोझिन ने शुक्रवार रात दावा किया कि वह और उनके लड़ाके यूक्रेन की सीमा पार करके रूस के रोस्तोव-ओन-दोन शहर में दाखिल हो गए हैं तथा वहां के अहम सैन्य प्रतिष्ठानों को अपने नियंत्रण में ले लिया है। सोशल मीडिया पर जारी वीडियो और ऑडियो पोस्ट में प्रीगोझिन ने कहा, ‘‘जो भी हमारे रास्ते में आएगा हम उसे बर्बाद कर देंगे। हम आगे बढ़ रहे हैं और हम अंतिम छोर तक जाएंगे।’’ प्रीगोझिन के कदम पर प्रतिक्रिया देते हुए रूस की सुरक्षा सेवाओं ने उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया।
रूस ने ‘वैग्नर ग्रुप’ के प्रमुख की धमकी को कितनी गंभीरता से लिया है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि राजधानी मॉस्को और रोस्तोव-ऑन-दोन में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। हालांकि, फिलहाल यह साफ नहीं है कि ‘वैग्नर ग्रुप’ प्रमुख प्रीगोझिन रूसी शहर में कैसे दाखिल हुए और उनके साथ कितने लड़ाके हैं।
ये भी पढ़ें : पीएम मोदी ने की अमेरिकी उपराष्ट्रपति की प्रशंसा, कहा- कमला हैरिस की उपलब्धि सभी महिलाओं के लिए प्रेरणा
