रामपुर : धान रोपाई करने गए तीन किशोरों समेत छह की हालत बिगड़ी
सोमवार देर रात पुलिस ने सभी को कराया जिला अस्पताल में भर्ती, मनकरा गांव में धान रोपाई करने गए थे ग्रामीण
रामपुर/भोट, अमृत विचार। थाना क्षेत्र के एक गांव में धान की रोपाई करने गए एक ही गांव के छह मजूदरों की तबीयत घर लौटने पर अचानक से खराब हो गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। सभी को एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां सभी का उपचार कराया गया।
थाना क्षेत्र के अशोकपुर गांव के मोहित (15) पुत्र ओमपाल, सविता (17) पुत्री चन्द्रपाल, आकांक्षा (14) पुत्री चन्द्रपाल, सुनील (20) पुत्र ब्रजकिशोर, योगेश (20) पुत्र विजयपाल, सचिन (18) पुत्र फूल सिंह सोमवार को अपने गांव से करीब दो किमी दूर मनकरा गांव के एक ग्रामीण के खेत में धान की रोपाई करने गए थे। धान की रोपाई कर शाम करीब छह बजे जब वह अपने घर पहुंचे।
अचानक तबीयत खराब होने लगी। ग्रामीणों ने बताया कि सिर में दर्द व घबराहट होने पर स्थानीय डॉक्टर से उपचार कराया, लेकिन बच्चों की तबीयत और ज्यादा बिगड़ने लगी। ग्रामीणों ने देर रात तुरंत यूपी 112 को सूचना दी। सूचना पाकर क्षेत्राधिकारी बिलासपुर रवि खोखर व प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार मय पुलिस बल के गांव पहुंचे। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उनका उपचार चल रहा है।
छह लोग धान की रोपाई कर शाम करीब छह बजे अपने घर पहुंचे। हालत बिगड़ने पर रात में ही जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था। - नरेश कुमार, प्रभारी निरीक्षक, भोट।
धान की रोपाई कर लौटे मजदूरों की तबीयत खराब होने पर खेत स्वामी से कीटनाशक के बावत जानकारी लेने के लिए फोन किया तो उसने जानकारी देने के बजाय फोन स्विच आफ कर लिया। हालत बिगड़ने पर सभी छह मजदूरों को रात में जिला चिकित्सालय में भर्ती कराना पड़ा। - संघ प्रिय गौतम, ग्राम प्रधान अशोकपुर।
ये भी पढ़ें:- रामपुर: नहीं मिला कुछ खाने को तो काश्तकार के पैसे लेकर भागा बंदर, मचा हड़कंप
