यूपी में रोजगार-स्किल डेवलपमेंट पर जोर,‘स्किल ब्रिज’ के तहत युवाओं को देश-विदेश में अवसर दिलाने की पहल तेज
लखनऊ, अमृत विचार। श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर ने सोमवार को सेवामित्र योजना के तहत संचालित कॉल सेंटर (टोल फ्री 155330) का निरीक्षण किया और स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ाने की दिशा में इसकी उपयोगिता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सेवामित्र योजना ग्रामीण और शहरी स्तर पर कुशल कामगारों को रोजगार उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम बन रही है।
श्रम मंत्री, सोमवार को सेवायोजन निदेशालय स्थित ‘संगम’ सभागार में निरीक्षण उपरांत विभागीय योजनाओं की बजटीय समीक्षा बैठक में बोल रहे थे। उन्होंने रोजगार सृजन और स्किल डेवलपमेंट को प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
इस दौरान उप्र. रोजगार मिशन के तहत युवाओं को देश-विदेश में रोजगार दिलाने के उद्देश्य से ख्वाजा मुइनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय और एएफसी इंडिया लि. के साथ एमओयू किया गया। इसके जरिए युवाओं को अंग्रेजी, जर्मन, जापानी, अरबी और फ्रेंच भाषाओं का प्रशिक्षण देकर उन्हें वैश्विक रोजगार के लिए तैयार किया जाएगा।
कार्यक्रम में ‘स्किल ब्रिज’ पहल के तहत चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए। मंत्री ने कहा कि जापान, जर्मनी और यूरोपीय देशों में कुशल श्रमिकों की मांग को देखते हुए प्रदेश के युवाओं को तैयार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में लगभग 6000 श्रमिक इजराइल में कार्यरत हैं।
ये भी पढ़ें :
महावीर जयंती पर पीएम मोदी ने दीं शुभकामनाएं, सीएम योगी बोले -मानवता के लिए अमर पाथेय भगवान की शिक्षाएं
