काशी रेलवे ट्रैक पर मिली AK-47 राइफल: मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी, CRPF की होने की पुष्टि

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में सोमवार को जैतपुरा थाना क्षेत्र के कैंट-काशी रेलवे मार्ग पर सरैया इलाके में रेलवे ट्रैक के किनारे एके-47 राइफल मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। एक युवक ने रेलवे ट्रैक के किनारे पड़ी संदिग्ध वस्तु को देखा और तुरंत जैतपुरा पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने हथियार को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस उपायुक्त (काशी जोन) गौरव बंसवाल समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को भी सूचना दी और आसपास के लोगों से घंटों पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में यह पता चला कि यह हथियार केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक जवान का है।

बताया जा रहा है कि सीआरपीएफ की एक टुकड़ी पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनावी ड्यूटी के लिए ट्रेन से जा रही थी। उसी दौरान यह हथियार किसी तरह ट्रेन से नीचे गिर गया।

जांच के दौरान पता चला कि जिस ट्रेन से सीआरपीएफ के जवान जा रहे थे, वह डीडीयू (पंडित दीनदयाल उपाध्याय) जंक्शन पर रुकी हुई थी। इसके बाद पुलिस ने संबंधित सीआरपीएफ टुकड़ी के कमांडर से संपर्क किया। बातचीत में पुष्टि हुई कि एक जवान का एके-47 रास्ते में कहीं गिर गया था। आगे की कार्रवाई की जा रही हैं।

ये भी पढ़ें :
सीएम योगी की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की बैठक, शिक्षा, रोजगार और इंफ्रास्ट्रक्चर पर बड़े फैसलों की तैयारी

 

संबंधित समाचार