बाराबंकी : बिहार से लौट रही महिला अचानक लापता, पति ने लगाया अपहरण का आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। बिहार में शादी निपटाकर बाराबंकी वापस लौट रही विवाहिता रास्ते में ही अचानक गायब हो गई। पति का आरोप है कि किसी ने उसकी पत्नी का अपहरण कर लिया है। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम इनायतपुर मजरे खिजिरपुर निवासी अमर सिंह ने बताया कि उनकी पत्नी सिद्धान्ती देवी 6 मार्च को अपने मायके ग्राम बकुलहर मठ, थाना गोपालपुर, जिला बेतिया राज्य बिहार अपनी बहन की बेटी के विवाह में शामिल होने गई थीं। 

विवाह के बाद साले दीपक ने 15 मार्च को पत्नी को ट्रेन से वापस भेजने की जानकारी दी। पीड़ित के अनुसार 15 मार्च को पत्नी से फोन पर बात हुई, जिसमें उसने स्टेशन पहुंचकर लेने आने को कहा था। अमर सिंह स्टेशन पर काफी देर तक इंतजार करते रहे, लेकिन पत्नी नहीं आई, वहीं उनका मोबाइल फोन बंद हो गया। साले से बात की गई तो बताया कि वह बहन को ट्रेन में बैठा चुके हैं।

इसके बाद 18 मार्च को शाम एक अन्य नंबर से कॉल आई, जिसमें पत्नी ने “हैलो” कहा, लेकिन पीछे से किसी के फोन छीनने जैसी आवाज आने के बाद कॉल कट गई। आरोप है कि उनकी पत्नी का अपहरण कर लिया गया है। बताया कि 16 मार्च को थाना पुलिस से शिकायत करने पर पुलिस ने कार्रवाई के बजाय उन्हें एसपी कार्यालय जाने की सलाह दी। काफी तलाश के बावजूद महिला का कोई सुराग नहीं लग सका है। एसपी के निर्देश पर मामला दर्ज किया गया है।

संबंधित समाचार