मुरादाबाद: रामगंगा नदी चेतावनी जलस्तर के पार, कोसी भी उफान पर
सूरजनगर और रसूलपुर नंगला गांव में घरों तक पहुंचा पानी, शुक्रवार को रामगंगा नदी का जलस्तर 190.66 मीटर रहा, नदी किनारे वाले मोहल्ले के लोग सहमे
मुरादाबाद, अमृत विचार। रामगंगा नदी का जलस्तर चेतावनी जलस्तर को पार कर गया। इसे देखते हुए अलर्ट किया गया है। नदी किनारे वाले मोहल्ले के लोग सहमे हैं। महानगर में सूरजनगर, जिगर कालोनी, रसूलपुर नंगला गांव में बाढ़ का पानी घरों के सामने पहुंच गया। इससे लोगों को परेशान होना पड़ा। पानी के बीच से ही लोग निकल रहे हैं। खेतों में फसल जलमग्न हैं। शुक्रवार को नदी का जलस्तर 190.66 मीटर रहा। जो चेतावनी जलस्तर से 6 सेंटीमीटर ज्यादा है। मूंढ़ापांडे क्षेत्र में भी कोसी नदी उफान पर है।
उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश से नदियों का जलस्तर बढ़ गया। कालागढ़ डैम और खो बैराज से भी पानी रामगंगा नदी में छोड़ा जा रहा है। जिससे नदियां उफान पर हैं। नदी किनारे के गांववालों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। महानगर में नदी किनारे वाले मोहल्ले बंगला गांव, लालबाग, वारसीनगर के लोगों को बाढ़ का डर सताने लगा है। जामा मस्जिद पार्क में पानी पहुंच गया। सूरजनगर मोहल्ले के लोगों को समस्या अधिक है। यहां नदी का पानी घरों और गलियों तक पहुंच गया है। मुख्य रास्ते पर भी पानी भरा हुआ है।
इसके अलावा जिगर कालोनी में नट बाबा मंदिर के पास बने मकानों तक भी पानी पहुंच गया। रसूलपुर नंगला में भी कई घरों तक पानी आ गया। फसलों में भी पानी भरा है। इससे किसानों को पशुओं के लिए चारा लाने में परेशानी आ रही है। नदी के पार खेती करने वाले किसानों को नाव का सहारा लेना पड़ रहा है। मूंढ़ापांडे क्षेत्र में भी कोसी नदी का पानी बढ़ा हुआ है। बाढ़खंड के सहायक अभियंता सुभाषचंद ने बताया कि रामगंगा नदी का चेतावनी जलस्तर 190.60 मीटर है, लेकिन शुक्रवार को नदी का जलस्तर 190.66 मीटर तक पहुंच गया। नदी किनारे वाले आसपास के लोगों को अलर्ट किया गया। कोसी नदी भी उफान पर है। जलस्तर पर नजर रखी जा रही है।
रास्ते और खेतों में पानी भरने से परेशानी है। रामगंगा नदी का पानी बढ़ रहा है। चारा लाने में दिक्कत हो रही है। पानी में खड़े होकर चारा काटना पड़ रहा है। घरों के आगे भी पानी भरा है। - अयान, रसूलपुर नंगला
सुबह सोकर उठने पर देखा तो पानी घरों के आगे तक पहुंच गया। पानी से होकर निकलना पड़ रहा है। बच्चों को स्कूल जाने में असुविधा हुई। जहरीले कीड़ों का भी घर में आने का खतरा बना है।-कुलदीप सिंह, सूरजनगर
जान जोखिम में डाल रामगंगा नदी में लगा रहे छलांग
मुरादाबाद। रामगंगा नदी इस समय पूरे उफान पर है। इससे आसपास के लोग सहमे हुए हैं। वहीं जामा मस्जिद पुल से युवा जान जोखिम में डालकर नदी में छलांग लगाते रहे। पुल पर लोग खड़े होकर सेल्फी लेते दिखे।
रामगंगा नदी के चेतावनी जलस्तर को पार करने के बाद भी जामा मस्जिद पुल से युवा अपनी जान जोखिम में डालकर नदी में कूद रहे हैं और दूर तक तैर रहे हैं। 20 जुलाई को तीन बच्चे रामगंगा नदी में डूब गए थे। इससे पहले भी कई घटनाएं नदी में डूबने की हो चुकी है। लेकिन फिर भी युवाओं की मनमानी जारी है। युवा एक दूसरे से प्रतिस्पर्धा कर पुल से नीचे कूद कर स्टंट दिखा रहे हैं। पुल पर लोगों की भीड़ बढ़ने पर पुलिस ने हटवाया।
युवक ने आत्महत्या को नदी में लगाई छलांग मुरादाबाद,अमृत विचार: सलमान नामक युवक काफी देर से पुल के पास खड़ा था। अचानक ही उसने आत्महत्या करने के लिए रामगंगा नदी में छलांग लगा दी। पहले तो लोगों ने सोचा कि शायद दूसरे युवाओं की तरह ही नदी में कूदा है, लेकिन जब नदी में कूदते ही डूबने लगा तो आसपास तैर रहे दूसरे युवाओं ने उसे बाहर निकाला और पुल पर मौजूद पुलिसकर्मियों को सौंप दिया।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : जिले में बढ़ रहे डेंगू के मरीज, अब तक 33 में पुष्टि
