सुलतानपुर पुलिस ने 33 किग्रा गांजे के साथ तीन तस्करों को किया गिरफ्तार, दो कार व तीन लाख की नगदी बरामद

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लंभुआ/सुलतानपुर, अमृत विचार। लंभुआ पुलिस ने गांजा तस्करी के एक बड़े अंतर-जनपदीय गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने एक महिला सहित 3 तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 33 किलोग्राम से अधिक अवैध गांजा बरामद किया गया है।

इसके अलावा तस्करों के पास से गांजे से कमाए हुए 3.25 लाख रुपए नकद और दो कारें भी पुलिस ने जब्त की हैं।सोमवार को एएसपी अखंड प्रताप सिंह ने लंभुआ में तस्करी का खुलासा करते हुए बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने शिवगढ़ श्रीरामपुर मार्ग पर चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान गांजा तस्करी में लिप्त इस गिरोह के सदस्यों को पकड़ा गया। 

पुलिस के अनुसार, तस्करों ने अपनी कारों रेनो ट्राइबर और होंडा सिटी में गुप्त चैंबर बना रखे थे। जिनमें गांजा छिपाकर ले जाया जा रहा था। यह कार्रवाई सोमवार सुबह करीब 9ः30 बजे लंभुआ थाना क्षेत्र के खडुआन गांव में की गई। जांच में सामने आया है कि यह गिरोह छत्तीसगढ़ और ओडिशा से गांजा खरीदकर लाता था। इसे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में सप्लाई करता था। 

पुलिस ने बताया कि बरामद की गई नकद राशि गांजा बिक्री से अर्जित की गई थी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमरदेव चौहान, धर्मेंद्र सरोज और उसकी पत्नी अनीता के रूप में हुई है। लंभुआ कोतवाली में आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं इस मौके पर सीओ लंभुआ ऋतिक कपूर, प्रभारी निरीक्षक संदीप कुमार राय, वरिष्ठ उप निरीक्षक जयशंकर यादव, दीवान सहन समेत कई पुलिस कर्मी मौजूद रहे।

संबंधित समाचार