इजराइल का उत्तरी गाजा को खाली करने का आदेश ‘अत्यधिक खतरनाक’ : António Guterres

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

संयुक्त राष्ट्र। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने कहा कि इजराइल का उत्तरी गाजा में करीब 11 लाख लोगों को 24 घंटे के भीतर वहां से चले जाने की चेतावनी देना ‘‘अत्यधिक खतरनाक’’ और ‘‘कतई संभव नहीं’’ है। उन्होंने कहा कि युद्ध के भी कुछ नियम होते हैं। गाजा में संयुक्त राष्ट्र के अधिकारियों को बृहस्पतिवार को इजराइली सेना में उनके संपर्क अधिकारियों ने सूचना दी कि उत्तरी गाजा की तकरीबन 11 लाख आबादी को अगले 24 घंटे के भीतर दक्षिणी हिस्से में चले जाना चाहिए।

 यह आदेश संयुक्त राष्ट्र के सभी कर्मियों और उन लोगों पर भी लागू होता है, जिन्होंने स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र और क्लीनिक समेत संयुक्त राष्ट्र केंद्रों में शरण ली हुई है। गुतारेस ने शुक्रवार को यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘घनी आबादी वाले युद्ध क्षेत्र में 10 लाख से अधिक लोगों का ऐसे स्थान पर जाना जहां न भोजन है, न पानी और न ही रहने की जगह और जहां पूर्ण नाकाबंदी है, अत्यधिक खतरनाक और कुछ मामलों में तो बिल्कुल भी संभव नहीं है।’’ 

संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने पश्चिम एशिया की स्थिति पर सुरक्षा परिषद की बैठक में हिस्सा लेने के लिए जाने से पहले ये टिप्पणियां कीं। उन्होंने कहा कि हवाई हमलों के कुछ दिन बाद इजराइली रक्षा बलों ने गाजा और उसके आसपास के इलाकों में फलस्तीनियों को दक्षिणी क्षेत्र में जाने का आदेश दिया है। गहन चिंता व्यक्त करते हुए संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने कहा कि ‘‘दक्षिणी गाजा में अस्पताल पहले ही भरे हुए हैं और वे उत्तरी गाजा के हजारों नये मरीजों का इलाज नहीं कर पाएंगे।’’ उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य प्रणाली ‘‘चरमराने के कगार’’ पर है और ‘‘मुर्दाघर भी भरे पड़े हैं।’’ 

गुतारेस ने बताया कि 11 स्वास्थ्य कर्मियों की ड्यूटी पर रहते हुए हत्या कर दी गई है और पिछले कुछ दिन में स्वास्थ्य केंद्रों पर 34 हमले किए गए हैं। गाजा की स्थिति को खतरनाक बताते हुए गुतारेस ने कहा कि पूरे क्षेत्र में जल संकट है और बिजली गुल है। उन्होंने कहा, ‘‘युद्ध के भी अपने नियम होते हैं। संयुक्त राष्ट्र को गाजा में हर किसी को ईंधन, भोजन और पानी मुहैया कराने के लिए मानवीय सहायता पहुंचने की तत्काल आवश्यकता है।’’ 

संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने कहा कि गत शनिवार को इजराइल पर हमास के ‘‘वीभत्स आतंकी हमलों’’ में 1,200 से अधिक लोगों की मौत हो गई और हजारों अन्य घायल हो गए। इसके बाद गाजा में भीषण बमबारी में 1,800 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और हजारों अन्य घायल हुए हैं। संयुक्त राष्ट्र के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने उत्तरी गाजा को खाली करने के इजराइल के आदेश पर शुक्रवार को पत्रकारों से कहा, ‘‘संयुक्त राष्ट्र का मानना है कि यह असंभव है कि ऐसा अभियान बिना मानवीय त्रासदी के पूरा हो जाए।’’ 

ये भी पढ़ें:- Nepal: नेपाल में लैंडिंग से पहले हेलिकॉप्टर हुआ दुर्घटनाग्रस्त, पायलट घायल

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज

Lucknow Fire Tragedy : सूचना के 45 मिनट बाद पहुंची अग्निशमन की टीम, पुलिस ने संभाला मोर्चा, इंस्पेक्टर व दो सिपाहियों ने हथौड़े से तोड़ी दीवार
Lucknow Fire Tragedy : लखनऊ पहुंचे रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, घटनास्थल का लिया जायजा, पीड़ितों से भी करेंगे मुलाकात
Lucknow Fire Tragedy : अलीगंज कोचिंग सेंटर अग्निकांड में अबतक 18 की मौत, CM ने की हाई लेवल मीटिंग, दो सदस्यीय एसआईटी गठित
Lucknow Fire Tragedy : 14 मिनट में पहुंचीं 22 एंबुलेंस, हादसे के बाद अलर्ट मोड में 108-102 सेवाएं, घायलों को तत्काल ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया
Lucknow Fire Tragedy : ट्रॉमा सेंटर में चीखें, आंसू और टूटते सपने... अपनों की तलाश में भटकते परिजनों की सिसकियों से गूंज उठा परिसर