Jharkhand Protest : JPSC-JSSC परीक्षा में गड़बड़ी के खिलाफ विधानसभा घेराव, छात्रों पर लाठीचार्ज; जानिए क्या बोले राहुल गांधी?

Amrit Vichar Network
On

रांची में करीब 10 घंटे चला छात्रों का प्रदर्शन, वाटर कैनन और आंसू गैस का भी इस्तेमाल

रांची में JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों ने विधानसभा का घेराव किया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए वाटर कैनन, आंसू गैस और लाठीचार्ज का इस्तेमाल किया। राहुल गांधी ने छात्रों पर बल प्रयोग को गलत बताते हुए सरकार से बातचीत के जरिए समाधान निकालने की अपील की।

रांची। झारखंड में JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ सोमवार को छात्रों का विधानसभा घेराव करीब 10 घंटे तक चला। शाम करीब सात बजे पुलिस ने विधानसभा की चहारदीवारी के बाहर की सड़क को खाली करा दिया। इस दौरान विधानसभा के गेट के सामने डटे छात्रों को हटाने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया। कई छात्र-छात्राएं सड़क पर लेट गए और वहां से हटने से इनकार किया। पुलिस ने उन्हें मौके से हटाया और कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया।

विधानसभा के गेट तक पहुंचे छात्र

सुबह करीब नौ बजे पुराने विधानसभा परिसर के पास जुटे छात्रों ने दिनभर कई स्तर की बैरिकेडिंग तोड़ दी। शाम करीब चार बजे प्रदर्शनकारियों ने आखिरी बैरिकेडिंग भी पार कर ली और बड़ी संख्या में विधानसभा के गेट के सामने और आसपास की सड़कों पर पहुंच गए।

प्रदर्शनकारियों को रोकने के दौरान पुलिस और छात्रों के बीच कई जगह टकराव हुआ। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इसके बाद आंसू गैस के गोले छोड़े गए और लाठीचार्ज किया गया। प्रदर्शनकारियों की ओर से पथराव किए जाने की भी खबर सामने आई। घटनाक्रम में कई छात्रों और पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना है।

नौ दिन से अनशन कर रहे छात्र नेता को एंबुलेंस से ले गई पुलिस

विधानसभा के गेट नंबर एक के सामने नौ दिनों से अनशन कर रहे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो भी आंदोलनकारियों के साथ डटे रहे। नौ दिन की भूख हड़ताल के बावजूद वह सोमवार को एंबुलेंस और बाद में स्ट्रेचर के जरिए प्रदर्शन स्थल तक पहुंचे थे। पुलिस ने उन्हें जबरन एंबुलेंस में बैठाकर मौके से हटा दिया। महतो ने कहा कि सरकार के साथ छात्रों की तीन दौर की वार्ता हो चुकी है, लेकिन मांगों पर अब तक ठोस फैसला नहीं हुआ है। उन्होंने आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।

‘आंदोलन अब जनआंदोलन बन चुका है’

आंदोलनकारी छात्रों के एक अन्य नेता रवींद्र पासवान ने कहा कि आंदोलन खत्म नहीं हुआ है, बल्कि अब यह जनआंदोलन बन चुका है। उन्होंने कहा कि अब छात्रों की बात सीधे मुख्यमंत्री से होगी। उन्होंने मांग की कि सरकार JSSC CGL परीक्षा रद्द करने, विवादित भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी की CBI जांच कराने और भर्ती प्रक्रिया में सुधार के संबंध में ठोस निर्णय ले।

छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने भी कहा कि तीन दौर की वार्ता के बाद अब सरकार को छात्रों की मांगों पर फैसला लेना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों की आवाज दबाने के लिए वाटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल कर रही है। मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन और तेज करने की चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि इसका राजनीतिक असर भी पड़ सकता है।

विधानसभा से डेढ़ किलोमीटर दूर अब भी जुटे छात्र

शाम सात बजे पुलिस ने विधानसभा के सामने की सड़क खाली करा दी, लेकिन आंदोलन पूरी तरह खत्म नहीं हुआ। सैकड़ों छात्र विधानसभा से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर अलग-अलग समूहों में मौजूद रहे और अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते रहे। प्रदर्शनकारी 14वीं JPSC प्रारंभिक परीक्षा समेत विवादित परीक्षाओं को रद्द करने, भर्ती प्रक्रिया में सुधार और पूरे मामले की CBI जांच की मांग कर रहे हैं।

तीसरे दौर की वार्ता बेनतीजा रहने के बाद हुआ घेराव

रविवार को सरकार और छात्र प्रतिनिधियों के बीच तीसरे दौर की वार्ता भी बेनतीजा रही थी। इसके बाद सोमवार को विधानसभा घेराव का कार्यक्रम तय किया गया था। छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर सरकार ठोस फैसला नहीं करती, आंदोलन जारी रहेगा।

राहुल गांधी ने लाठीचार्ज को बताया गलत

रांची में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुए लाठीचार्ज पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने छात्रों के खिलाफ बल प्रयोग को गलत बताते हुए कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना छात्रों का अधिकार है और बातचीत के जरिए ही समाधान निकाला जाना चाहिए। राहुल गांधी ने कहा कि झारखंड सरकार को छात्रों की बात सुननी चाहिए और उनकी समस्याओं का जल्द समाधान करना चाहिए। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ हिंसा का इस्तेमाल किए जाने का वह विरोध करते हैं।

संबंधित समाचार