23 अगस्त को मनाया जाएगा 'राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस', केंद्र सरकार ने जारी किया नोटिफिकेशन

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने 23 अगस्त को ‘राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस’ के रूप में अधिसूचित किया है। इसी दिन चंद्रयान-3 ने चंद्रमा पर सॉफ्ट लैंडिंग की थी। अंतरिक्ष विभाग द्वारा 13 अक्टूबर को जारी एक अधिसूचना में कहा गया, ‘‘...भारत सरकार ने इस ऐतिहासिक क्षण को मनाने के लिए हर साल 23 अगस्त को ‘राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस’ घोषित किया है।’’ 

भारत चंद्रमा पर अंतरिक्ष यान उतारने वाला दुनिया का चौथा और चंद्रमा की सतह के दक्षिणी ध्रुव के पास उतरने वाला पहला देश बन गया है। लैंडर ‘विक्रम’ ने चंद्रमा की सतह का अध्ययन करने के लिए रोवर ‘प्रज्ञान’ को उतारा था। अधिसूचना में कहा गया है, ‘‘इस ऐतिहासिक अभियान के नतीजे से आने वाले वर्षों में मानव जाति को लाभ होगा।’’ 

इसमें कहा गया है कि 23 अगस्त, अंतरिक्ष अभियानों में देश की प्रगति में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित हुआ। इस चंद्र अभियान के बाद युवाओं की अंतरिक्ष क्षेत्र में रुचि बढ़ेगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 26 अगस्त को बेंगलुरु में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) मुख्यालय के अपने दौरे के दौरान 23 अगस्त को ‘राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस’ के रूप में मनाने की घोषणा की थी। 

ये भी पढ़ें- मध्य प्रदेश के CM शिवराज का प्रियंका गांधी और कमलनाथ के बीच वाकयुद्ध, एक-दूसरे पर साधा निशाना 

संबंधित समाचार