Israel-Hamas War: गाजा अस्पताल में विस्फोट के बाद Joe Biden नहीं जाएंगे अमान, अरब नेताओं के साथ शिखर सम्मेलन रद्द

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

यरुशलम। गाजा के अस्पताल में हुए भीषण धमाके के बाद जॉर्डन के अम्मान में अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन और अरब नेताओं के बीच होने वाला शिखर सम्मेलन रद्द हो गया है। इससे ‘‘इजराइल के खुद के बचाव के अधिकार' के लिए समर्थन जुटाने में लगे अमेरिका के राजनयिक प्रयासों पर असर पड़ा है। अस्पताल में हुए धमाके में सैकड़ों लोगों के मारे जाने की आशंका है। घटना को लेकर हमास और इजराइल ने एक-दूसरे को जिम्मेदार ठहराया है।

 जॉर्डन के विदेश मंत्री अयमान सफादी ने घोषणा की है कि अम्मान में जॉर्डन के राजा अब्दुल्ला, मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी और फलस्तीनी प्राधिकरण के अध्यक्ष महमूद अब्बास के बाइडेन के साथ बुधवार को होने वाले शिखर सम्मेलन को रद्द कर दिया गया है। इजराइल पर सात अक्टूबर को गाजा द्वारा किए गए हमले पर बाइडेन इजराइल की हमास को खत्म कर देने वाली जवाबी कार्रवाई का समर्थन कर रहे हैं। इस हमले में 1,300 से अधिक लोग मारे गए थे और सूचना है कि इजराइल के 200 से 250 लोगों को बंधक बनाकर गाजा ले जाया गया था।

 गाजा के अल अहली अस्पताल में मंगलवार को हुए धमाके के लिए हमास ने इजराइल के हवाई हमले को जिम्मेदार ठहराया है। वहीं, इजराइल ने इन आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि इस्लामी संगठन के गलत तरीके से रॉकेट चलाने के कारण यह धमाका हुआ। हमास के नेता इस्माइल हानियेह ने हमले के लिए अमेरिका को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि उसने इजराइल को अपनी आक्रामकता के लिए संरक्षण दिया है। हानियेह ने टेलीविजन पर संबोधन में कहा, ''अस्पताल में हुआ नरसंहार दुश्मन की क्रूरता और उसकी हार की भावना की पुष्टि करता है।'' 

सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, बहरीन, मिस्र, जॉर्डन और तुर्की ने भी इजराइल पर गाजा शहर में अल-अहली अरब अस्पताल पर बमबारी करने का आरोप लगाया। हालांकि, इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने मौतों के लिए ‘‘गाजा में क्रूर आतंकवादियों’’ को जिम्मेदार ठहराया। नेतन्याहू ने एक बयान में कहा, ''पूरी दुनिया जानती है कि गाजा के अस्पताल पर हमला करने वाले गाजा के क्रूर आतंकवादी हैं, न कि आईडीएफ (इजराइल डिफेंस फोर्सेज)।'' उन्होंने कहा, ''जिन्होंने निर्दयता से हमारे बच्चों की हत्या की, वे अपने बच्चों की भी जान ले रहे हैं।''

 इजराइल के राष्ट्रपति इसहाक हर्जोग ने हमास के आरोपों को बदनाम करने के लिए खूनी साजिश बताया है। हर्जोग ने कहा कि इस्लामिक जिहाद की मिसाइल ने गाजा के अस्पताल में अनेक फलस्तीनियों को मार डाला जो एक ऐसी जगह है जहां जिंदगियां बचाई जानी चाहिए। वहीं, हमास ने इन आरोपों को खारिज किया है।

ये भी पढ़ें:- Japan : छात्रों को ले जा रही बस और ट्रक के बीच टक्कर, 18 घायल... जांच में जुटी पुलिस

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज

Lucknow Fire Tragedy : सूचना के 45 मिनट बाद पहुंची अग्निशमन की टीम, पुलिस ने संभाला मोर्चा, इंस्पेक्टर व दो सिपाहियों ने हथौड़े से तोड़ी दीवार
Lucknow Fire Tragedy : लखनऊ पहुंचे रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, घटनास्थल का लिया जायजा, पीड़ितों से भी करेंगे मुलाकात
Lucknow Fire Tragedy : अलीगंज कोचिंग सेंटर अग्निकांड में अबतक 18 की मौत, CM ने की हाई लेवल मीटिंग, दो सदस्यीय एसआईटी गठित
Lucknow Fire Tragedy : 14 मिनट में पहुंचीं 22 एंबुलेंस, हादसे के बाद अलर्ट मोड में 108-102 सेवाएं, घायलों को तत्काल ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया
Lucknow Fire Tragedy : ट्रॉमा सेंटर में चीखें, आंसू और टूटते सपने... अपनों की तलाश में भटकते परिजनों की सिसकियों से गूंज उठा परिसर