Diwali 2023: दीपावली को लेकर बाजारों में दिखने लगी भीड़… इलेक्ट्रॉनिक बाजार को इतने करोड़ के कारोबार की उम्मीद

Amrit Vichar Network
Published By Nitesh Mishra
On

कानपुर में दीपावली पर इलेक्ट्रॉनिक बाजार को डेढ़ सौ करोड़ के कारोबार की उम्मीद।

कानपुर में दीपावली पर इलेक्ट्रॉनिक बाजार को डेढ़ सौ करोड़ के कारोबार की उम्मीद है। शहर में सालाना 7 सौ करोड रुपए का व्यापार होता है। शहर में एक हज़ार शोरूम- दुकानों पर बिक्री होती है।

कानपुर, अमृत विचार। दीपावली की खरीदारी के लिए शहर का इलेक्ट्रॉनिक बाजार तैयार है। खासतौर पर धनतेरस के लिए व्यापारियों ने अपने यहां नए आइटम सजा लिए हैं। शहर का इलेक्ट्रॉनिक बाजारों में करवाचौथ से ही खरीदारी शुरू हो गयी है। इस बार खासतौर पर शहरवासी महंगे होम थिएटर, प्रोजेक्टर सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक आइटम खरीद रहे हैं।

दीपावली से पहले धनतेरस के लिए कुछ ग्राहकों ने अभी से ही एडवांस बुकिंग कर दी है। इलेक्ट्रॉनिक कारोबारी का मानना है कि इस बार दीपावली पर लगभग डेढ़ सौ करोड रुपए की खरीदारी हो सकती है। यह खरीदारी पिछले साल की तुलना में बहुत कम है।

इलेक्ट्रॉनिक कारोबारी ने बताया कि इस बार शहरवासियों का रुझान होम थिएटर की ओर अधिक है। खासतौर पर होम थिएटर और महंगे प्रोजेक्टर कि लोग खरीदारी कर रहे हैं। इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक के महंगे आइटम की एडवांस बुकिंग भी करा रहे हैं। उधर बाजारों में महंगे मोबाइल, बट्स, ओवन, हीटर इलेक्ट्रॉनिक केतली, गीजर सहित आइटम भी बिक रहे हैं।

व्यापारियों ने यह भी बताया कि इस बार होम थिएटर के लिए शहरवासियों के बीच नया ट्रेंड दिखाई दे रहा है। अब तक 10 से 15 हजार रुपये वाले होम थिएटर स्पीकर 30 से 40 हज़ार बिक चुके हैं। जबकि स्क्रीन सहित बिकने वाले होम थिएटर की संख्या लगभग 15 हज़ार के आसपास है। उधर बड़े प्रोजेक्टर वाले होम थिएटर जिनकी कीमत लगभग दो लाख रुपये के आसपास है। उनकी भी खरीदारी शहरवासी बड़ी संख्या में कर रहे हैं।

ऑनलाइन व्यापार से मुकाबला

इलेक्ट्रॉनिक कारोबारी ने बताया कि ऑनलाइन व्यापार की वजह से इस बार इलेक्ट्रिक बाजार का कारोबार दीपावली पर 60 फीसदी के आसपास प्रभावित हुआ है। ज्यादातर लोग ऑनलाइन बाजार से इलेक्ट्रॉनिक आइटम की खरीदारी कर रहे हैं। उनसे मुकाबला करने के लिए शोरूम और छोटे दुकानदार अपने-अपने स्तर पर कई तरह के ऑफर भी दे रहे हैं। इन ऑफर में ग्राहकों को ईएमआई यानी किस्तों का भी विकल्प दिया जा रहा है।

पार्किंग की समस्या से कारोबारी परेशान

कारोबारी ने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक बाजारों में पार्किंग व्यवस्था न होने के चलते उन लोगों को दीपावली पर नुकसान हो रहा है। बाजारों में पार्किंग न होने से आम ग्राहक बाजार आने से बच रहे हैं। ऐसे में बाजारों में पार्किंग व्यवस्था यदि त्योहारों पर ही मिल जाए तो उनके व्यापार में ऑनलाइन व्यापार से होने वाले नुकसान से काफी हद तक राहत मिल सकती है।

1 हज़ार करोड रुपए का है व्यापार

इलेक्ट्रॉनिक कारोबारी ने बताया कि शहर में इलेक्ट्रॉनिक कारोबार लगभग 8 सौ से 1 हज़ार करोड रुपए का है। इस पर दीपावली सीजन पर लगभग 350 करोड रुपए का व्यापार होता है। इस बार पिछले वर्षों की तुलना में इलेक्ट्रॉनिक बाजार माध्यम माना जा रहा है। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है की दीपावली पर इस बार 125 करोड़ से डेढ़ सौ करोड रुपए के बीच खरीदारी हो सकती है।

15 सौ विकल्प है मौजूद

कारोबारियों ने यह बताया कि कि शहर में इलेक्ट्रॉनिक बाजार के रूप में 80 फीट रोड, सागर मार्केट, गुमटी नंबर 5, बिरहाना रोड, किदवई नगर, लाल बंगला प्रमुख बाज़ारे मानी जाती है। इन बाजारों में लगभग 5 सौ बड़े शोरूम और 5 सौ छोटी दुकान मौजूद है। इसके अलावा मोबाइल के 100 बड़े शोरूम और 500 छोटी दुकान है। ऐसे में शहर वासियों को लगभग 15 सौ विकल्प दीपावली पर खरीदारी के लिए मिल रहे हैं।

दीपावली पर इस बार खरीदारी अच्छी होने की उम्मीद है। इस बार ऑनलाइन व्यापार करने वाली कंपनियों की वजह से व्यापार मंदा है। शहर के व्यापारी अपने स्तर पर अपने संबंधों के आधार पर ग्राहकों को लुभाने की कोशिश कर रहे हैं। धनतेरस में खरीदारी के लिए व्यापारियों की ओर से ग्राहकों को कई तरह की सहूलियत दिए जाने के भी इंतजाम है।- पंकज अग्रवाल, अध्यक्ष, सागर मार्केट इलेक्ट्रॉनिक एसोसिएशन

ऑनलाइन बाजार की वजह से आम शहर का इलेक्ट्रॉनिक व्यापारी परेशान है। इस बार दीपावली पर उतने ग्राहक बाजारों में नहीं आ रहे हैं जितने पहले आते थे। इसकी बड़ी वजह ऑनलाइन बंजारों की ओर से दिए जाने वाले दीपावली ऑफर है। सरकार को यह चाहिए कि दीपावली जैसे बड़े पर्व से पहले ऑनलाइन बाजारों पर लगाम लगाई जा सके।- अनुराग गुप्ता, वरिष्ठ मंत्री कानपुर उद्योग व्यापार मंडल

ये भी पढ़ें- गाजियाबाद जैसी घटना कानपुर में भी होने से बची, बाइक सवार लुटेरों ने चलते ई-रिक्शे में महिला की लूटी चेन... गिरते-गिरते बची

संबंधित समाचार