प्रयागराज में कोहरे की दस्तक, रफ्तार पर लगा ब्रेक, रेंगते रहे वाहन
नैनी/प्रयागराज, अमृत विचार। यूपी के प्रयागराज जिले में शनिवार को कोहरे के चलते गाड़ियों की रफ्तार धीमी हो गई। आज सुबह कोहरे की चादर इतनी घनी थी कि कुछ दिखाई ही नहीं दे रहा था। इस कोहरे ने जहां सड़कों पर वाहनों की रफ्तार को रोक दिया है, वहीं किसानों के चेहरे पर खुशी की लहर दौड़ गई है।
शनिवार भोर प्रयागराज में इस साल कोहरे का पहला दिन रहा। कोहरे के कारण राजमार्गों पर दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है, इस कारण वाहनों के चक्कों की रफ्तार पर अंकुश लग गया। तमाम वाहन रेंगते हुए अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे थे। इस कारण वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। रीवा एवं मिर्जापुर पर तो बड़ी संख्या में वाहन सड़क किनारे खड़े रहे।
दिन में नो एंट्री और रात में कोहरे के कारण वाहन नहीं चलने उनके मालिकों को नुकसान उठाना पड़ा। सुबह नौ बजे तक कोहरा रहा। कोहरे के कारण स्कूल जाने वाले बच्चों को भी खासी परेशानी हुई। कोहरे के कारण सूर्य का प्रकाश भी लोगों पर नहीं पड़ा। इससे बुजुर्गों को दिक्कत उठानी पड़ी।
शुआट्स के कृषि वैज्ञानिक डॉ विक्रम सिंह ने बताया कि कोहरे से ज्यादातर खेतों को फायदा ही है। हालांकि जिन किसान भाइयों का धान की फसल कटकर खेत में रखा गया है, भीगने के कारण नुकसान हो सकता है। फिलहाल मौसम ने करवट बदली है और अब तापमान तेजी से गिरने लगा है। इससे गरीबों की परेशानी बढ़ गई है।
यह भी पढ़ें:-मुख्यमंत्री योगी और ज्योतिरादित्य सिंधिया पहुंचे अयोध्या, हनुमान गढ़ी और रामलाल के दरबार में किए दर्शन पूजन
