प्रचंड गर्मी की चपेट में आया प्रयागराज, 45.2 डिग्री तापमान दर्ज; बुरी तरह प्रभावित जनजीवन 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में अप्रैल माह में ही भीषण गर्मी ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो इस सीजन का अब तक का सर्वाधिक तापमान माना जा रहा है। इसके साथ ही प्रयागराज प्रदेश का सबसे गर्म जिला बन गया है। शनिवार को भी सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। 

चिलचिलाती धूप के कारण ऐसा महसूस हो रहा था मानो आसमान से आग बरस रही हो। दोपहर होते-होते सड़कों पर सन्नाटा छा गया और लोग घरों में रहने को मजबूर दिखे। आवश्यक कार्यों को छोड़कर अधिकांश लोग बाहर निकलने से बचते नजर आए। भीषण गर्मी का असर शहर की दिनचर्या पर भी स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। बाजारों में ठंडे पेय पदार्थों की मांग अचानक बढ़ गई है। 

जूस, शिकंजी और नारियल पानी की दुकानों पर लोगों की भीड़ देखी जा रही है। लोग किसी न किसी तरह गर्मी से राहत पाने का प्रयास कर रहे हैं। धूप से बचने के लिए लोग गमछा, टोपी और छाते का सहारा ले रहे हैं, लेकिन तेज लू और तपती धूप के कारण राहत नहीं मिल पा रही है।

गर्मी के कारण आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। विभाग ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। 

ये भी पढ़ें :
जौनपुर की अनूठी पहल: भूसा दान अभियान में 10,000 कुंतल का आंकड़ा पार, डीएम ने की अपील

संबंधित समाचार