जौनपुर की अनूठी पहल: भूसा दान अभियान में 10,000 कुंतल का आंकड़ा पार, डीएम ने की अपील

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में निराश्रित गोवंश के संरक्षण एवं भरण-पोषण के लिए चलाए जा रहे विशेष भूसा दान अभियान में जनसहभागिता लगातार बढ़ रही है। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान के तहत अब तक 10 हजार कुंतल से अधिक भूसा दान प्राप्त किया जा चुका है। 

जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने शनिवार को बताया कि गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी भूसा दान में बढ़-चढ़कर सहयोग करने वाले संभ्रांत नागरिकों, कृषकों और दानदाताओं ने विभिन्न गोशालाओं में भूसा देकर निराश्रित गोवंश के संरक्षण और भरण-पोषण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने सभी दानदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। 

उन्होंने कहा कि शासन की ओर से गोवंश के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, लेकिन जनसहयोग के माध्यम से अतिरिक्त संसाधन मिलने पर उनके बेहतर पोषण और देखभाल में सहायता मिलती है।

इसी क्रम में इस वर्ष भी विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें स्वेच्छा से भूसा दान करने वाले दानदाताओं को "पुण्य की एफडी" के रूप में प्रतीकात्मक प्रमाण पत्र प्रदान किया जा रहा है। इस अभिनव पहल की सराहना मुख्य सचिव द्वारा भी की गई है। दान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि समाज में परोपकार की भावना को बढ़ावा देना आवश्यक है। 

उन्होंने गोस्वामी तुलसीदास के दोहे और अपने शब्दों को पिरोकर रचित काव्य-"तुलसी पंछीन के पीए, घटे न सरिता नीर, दान दिए धन न घटे, मिले पुण्य असीम, आओ मिलकर करें दान गोवंश के कल्याणार्थ, मिले पुण्य की एफडी"-का उल्लेख करते हुए कहा कि दान देने से धन में कमी नहीं आती, बल्कि असीम पुण्य की प्राप्ति होती है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे निराश्रित गोवंश के कल्याणार्थ अधिक से अधिक भूसा दान कर इस पुनीत कार्य में सहभागी बनें और "पुण्य की एफडी" प्रमाण पत्र प्राप्त करें। 

साथ ही घरों के आसपास पशु-पक्षियों के लिए जल और दाना की व्यवस्था कर मानवीय संवेदनाओं का परिचय देने का भी आग्रह किया। इसी क्रम में नगर पालिका परिषद जौनपुर के कृषि भवन स्थित गौशाला में मुख्य राजस्व अधिकारी अजय कुमार अंबष्ट द्वारा 18 क्विंटल भूसा दान किया गया, जिस पर जिलाधिकारी ने उन्हें "पुण्य की एफडी" प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। जिलाधिकारी ने पुनः सभी दानदाताओं के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए अधिक से अधिक लोगों से इस अभियान से जुड़ने की अपील की। 

ये भी पढ़ें :
यूपी में पंचायत चुनावों का टलना तय, क्या प्रशासक समिति बनाकर बढ़ाया जाएगा प्रधानों का कार्यकाल!

संबंधित समाचार