यूपी में पंचायत चुनावों का टलना तय, क्या प्रशासक समिति बनाकर बढ़ाया जाएगा प्रधानों का कार्यकाल!

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

अमृत विचार : उत्तर प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव आगे बढ़ना तय है। आगामी 26 मई को ग्राम प्रधानों का पांच साल का कार्यकाल पूरा हो रहा है। अब सवाल ये है कि चुनाव होने की सूरत में पंचायतों का कामकाज कैसे सुचारू रखा जाए? ग्राम प्रधानों का कार्यकाल बढ़ेगा या फिर चुनाव होने तक एडीओ पंचायत के जरिये पंचायतें संचालित होंगी। चर्चा ये भी है कि सरकार प्रशासक समिति के माध्यम से प्रधानों का कार्यकाल बढ़ा सकती है। 

यूपी में 57 हजार से ज्यादा ग्राम पंचायते हैं। गांव-गांव चुनाव की सरगर्मी बढ़ी है, लेकिन पिछड़ा वर्ग आयोग के गठन और मतदाता सूची फाइनल होने के इंतजार में इलेक्शन अटका है। 

चुनाव को लेकर मामला कोर्ट में हैं और काफी कुछ कोर्ट के रुख पर निर्भर करेगा। फिलहाल अभी जो स्थिति बन रही है-उसमें चुनाव टलना तय हो गया है। 

ऐसे में अब पंचायतों में प्रशासक समिति गठित होगी या फिर एडीओ पंचायत प्रशासक का कामकाज संभालेंगे-इस पर निर्णय होना है। प्रशासक समिति का प्रमुख ग्राम प्रधान होता है। इसमें पंचायत के अन्य सदस्य भी शामिल होते हैं। काफी हद तक यही माना जा रहा है कि सरकार प्रशासक समिति के गठन को मंजूरी दे सकती है। 

अभी ग्राम प्रधानों का कार्यकाल खत्म होने में एक महीना बाकी है और इससे पहले ही इस बारे में निर्णय लिया जाना है। यूपी के पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर के मुताबिक अभी मामला कोर्ट में है। कोर्ट के रुख के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

ये भी पढ़ें :
उत्तर भारत में भीषण गर्मी का कहर जारी, यूपी-उत्तराखंड समेत इन राज्यों को मिलेगी निजात, आईएमडी ने जताई बारिश की आशंका 

संबंधित समाचार