Chitrakoot News: बंधोइन में कर रहा था गांजे की खेती, आरोपी गिरफ्तार, बाजार में कीमत 20 लाख रुपये
चित्रकूट में गांजे की खेती के आरोप में एक गिरफ्तार।
चित्रकूट में पुलिस को उल्लेखनीय कामयाबी मिली है। गांजे की खेती करने के आरोप में एक ग्रामीण को गिरफ्तार किया गया है। इसके पास से पुलिस ने 570 किलोग्राम हरा एवं 650 ग्राम सूखा गांजा बरामद किया है। बाजार में इसकी कीमत लगभग बीस लाख रुपये आंकी गई है
चित्रकूट, अमृत विचार। पुलिस को उल्लेखनीय कामयाबी मिली है। गांजे की खेती करने के आरोप में एक ग्रामीण को गिरफ्तार किया गया है। इसके पास से पुलिस ने 570 किलोग्राम हरा एवं 650 ग्राम सूखा गांजा बरामद किया है। बाजार में इसकी कीमत लगभग बीस लाख रुपये आंकी गई है।
सीओ सिटी हर्ष पांडेय ने रविवार को पत्रकारों को इसकी जानकारी दी। बताया कि प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अजीत कुमार पांडेय को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बंधोइन गांव में एक व्यक्ति गांजे की खेती कर रहा है। इस पर कोतवाली प्रभारी ने उनको बताया। उन्होंने पुलिस टीम के साथ बंधोइन गांव मजरा बड़ी तरी में छापा मारा और मौके से आरोपी मोतीलाल निषाद पुत्र रामभजन निवासी बंधोइन पुरवा को गिरफ्तार किया।
इसने अपने खेत में गांजा लगाया था। इसके पास से 650 ग्राम सूखा गांजा भी बरामद हुआ। हरे गांजे का वजन 570 किलोग्राम निकला। आरोपी ने बताया कि गांजे को सुखाकर बेचता था। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई।
पुलिस टीम में रहे शामिल
पुलिस टीम में सीओ सिटी की अगुवाई में कोतवाली प्रभारी, निरीक्षक अपराध राकेश कुमार सिंह, आशुतोष त्रिपाठी, उप निरीक्षक अंशुल कुमार, आरक्षी गोलू भार्गव, पीयूष शरण श्रीवास्तव, जयनारायण पटेरिया, आकाश सेन, विपिन कुमार, कुल्दीप द्विवेदी, राहुल देव और विनोद यादव शामिल रहे।
अरहर के बीच में लगाए था गांजा
आरोपी ने अपने खेत में किनारे किनारे अरहर बो रखी थी, जिससे प्रथमदृष्टया किसी को यह भान नहीं होता था कि यहां गांजे की खेती होगी। बीच में भारी मात्रा में गांजा लगाए था। पुलिस के अनुसार, उसने पहली बार यह खेती की थी और दस दिन में फसल पककर बिकने लायक भी हो जाती।
कई लोगों की मदद से काटी गई फसल
गांजा इतनी ज्यादा मात्रा में लगाया गया था कि पुलिस को इसको कटवाने में मशक्कत करनी पड़ी। ग्रामीणों को पुलिस ने बुलाया तो पहले गांवदारी की वजह से ये आ ही नहीं रहे थे। बाद में ग्रामीणों की मदद से पुलिसकर्मियों ने गांजे की फसल काटी और दो ट्रैक्टरों से कोतवाली ले गए।
ये भी पढ़ें- Kanpur Crime: तुम्हें विदा कराने आया हूं...साथ चलो वरना तेजाब से चेहरा जला दूंगा, शोहदे ने दी धमकी
