शांतिपुरी: सशक्त भू-कानून के लिए कुमाऊं में भी जल्द होगी महारैली: उनियाल

Amrit Vichar Network
Published By Bhupesh Kanaujia
On

शांतिपुरी, अमृत विचार। उत्तराखंड क्रांति दल के केंद्रीय महामंत्री सुशील उनियाल ने एक बयान में कहा है कि भू कानून, मूल निवास व स्थाई राजधानी गैरसैंण आदि यूकेडी के राज्य बनने से पहले के मुद्दे हैं। उत्तराखंड की जनता ने इसी को लेकर अलग राज्य निर्माण किया था। कहा कि इस मुद्दे को लेकर जल्द ही कुमाऊं में भी महारैली का आयोजन किया जाएगा।

यूकेडी जिलाध्यक्ष एमसी पांडे के पितृ प्रसाद में शामिल होने शांतिपुरी पहुंचे उनियाल ने कहा कि भू कानून और मूल निवास से तराई के लोगों को कोई नुकसान नहीं होगा। कुछ लोग अलग राज्य का विरोध भी कर रहे थे, लेकिन तराई वासियों को कोई नुकसान हुआ, बल्कि पहाड़ की अपेक्षा तराई क्षेत्र का अधिक विकास हुआ। कुछ लोग आज भू कानून और मूल निवास महारैली से चिंतित और भयभीत दिखाई दे रहे हैं, जो कि ठीक नहीं है।

किसी के उनियाल ने कहा कि सत्ताधारी लोगों ने आज तक भू कानून, मूल निवास और स्थाई राजधानी पर इन 23 वर्षों में सदन में बात नहीं रखी। उत्तराखंड के लोगों को ऐसे दोगले लोगों से बचकर रहना चाहिए। जिस प्रकार आज खनन का कार्य निजी कम्पनियों को दिया जा रहा है, इससे लाखों खनन व्यवसायियों और उनके परिवार पर रोजी रोटी का संकट छा गया है। यदि राज्य में भू कानून और मूल निवास लागू होता तो यहां के लोगों को ही रोजगार मिलता। 

उन्होंने कहा कि मूल निवास व भू-कानून को लेकर देहरादून के बाद अब कुमाऊं में भी जल्द महारैली का आयोजन किया जाएगा। यहां केंद्रीय उपाध्यक्ष आनंद सिंह असगोला, जीवन सिंह नेगी, भानू प्रताप मेहरा, जमुनादत्त जोशी, भूपेश बिष्ट, नरेश जोशी व उमेश जोशी आदि मौजूद थे।

संबंधित समाचार