बदायूं: 80 लाख रुपये की अफीम के साथ तीन युवक गिरफ्तार, भेजा जेल
कोतवाली सहसवान पुलिस ने शनिवार रात चेकिंग के दौरान कार में पकड़ी अफीम
सहसवान, अमृत विचार। कोतवाली सहसवान पुलिस ने तीन युवकों के पास से एक किलो 50 ग्राम अफीम और एक कार बरामद की। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में अफीम की कीमत लगभग 80 लाख रुपये है। तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत रिपोर्ट दर्ज करने के बाद जेल भेज दिया।
नवागत एसएसपी आलोक प्रियदर्शी के निर्देश पर थाना क्षेत्रों में पुलिस की गश्त बढ़ी है। होटल, रेलवे स्टेशन, ढाबे, गेस्ट हाउस आदि पर छापामारी की जा रही है। जिसके अंतर्गत कोतवाली सहसवान के प्रभारी निरीक्षक सौरभ सिंह पुलिस बल के साथ शनिवार रात लगभग पौने 11 बजे गांव ज्वालापुर के पास बैरियर लगाकर चेकिंग कर रहे थे। एक कार को रुकवाया। चेक किया तो कार में अफीम बरामद हुई। कार में तीन लोग बैठे हुए थे। पुलिस ने तीनों को हिरासत में लिया।
वह तीनों थाना उसावां क्षेत्र के गांव बझेड़ा निवासी पंकज सिंह, शकील और बिजेंद्र हैं। पुलिस तीनों को कोतवाली ले आई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह लोग अफीम खरीदकर रात के समय होटल, ढाबे पर खड़े ट्रक चालकों को बेच देते हैं। वह अफीम बेचने जा रहे थे कि पुलिस ने पकड़ा लिया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक ब्रजकिशोर, शक्ति सिंह, बालकराम, विजय कुंडू शामिल रहे।
ये भी पढ़ें- बदायूं: ड्यूटी पूरी होते ही स्टेशन पर ट्रेन छोड़ गया चालक, पांच घंटे तक खड़ी रही मालगाड़ी
