बाराबंकी : शीशम के पेड़ काटने के बाद लगाई आग से गन्ने की फसल राख, जानें क्या है पूरा मामला

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

रामनगर/बाराबंकी, अमृत विचार। थाना क्षेत्र में बिना परमिट शीशम के पेड़ काटने के बाद सबूत मिटाने के प्रयास में लगाई गई आग ने विकराल रूप ले लिया। इस आगजनी में किसानों की कई बीघा गन्ने की पेड़ी फसल जलकर नष्ट हो गई। पीड़ित किसानों ने पुलिस और वन विभाग से कार्रवाई व मुआवजे की मांग की है।

ग्राम तेलवारी निवासी प्रेम कुमार, विशाल, रामपाल और हुकुम सिंह ने सामूहिक तहरीर में बताया कि 26 मार्च की दोपहर रामपुर तेलियानी निवासी एक व्यक्ति ने उनके खेत के पास खड़े तीन शीशम के पेड़ कटवा दिए। आरोप है कि कटान के बाद सबूत मिटाने के लिए गन्ने की सूखी पत्तियों में आग लगा दी गई, जो तेजी से फैलकर आसपास के खेतों तक पहुंच गई।

किसानों के अनुसार, आग की चपेट में आकर उनकी कई बीघा गन्ने की पेड़ी फसल पूरी तरह जलकर राख हो गई। विरोध करने पर आरोपी द्वारा अभद्रता और धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। सूचना पर पीआरबी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। पीड़ितों का कहना है कि अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

किसानों ने पुलिस चौकी सुढ़ियामऊ और वन विभाग रामनगर को शिकायती पत्र देकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और नुकसान की भरपाई की मांग की है। वन उपनिरीक्षक सचिन पटेल ने बताया कि मामले की जानकारी मिल गई है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। वहीं चौकी इंचार्ज राम अवतार ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

संबंधित समाचार