बदायूं: ड्यूटी पूरी होते ही स्टेशन पर ट्रेन छोड़ गया चालक, पांच घंटे तक खड़ी रही मालगाड़ी

Amrit Vichar Network
Published By Vishal Singh
On

बदायूं, अमृत विचार। नौकरी हो तो रेलवे की हो वरना न हो। यह पंक्तियां यहां पर एक रेलवे ड्राइवर ने चरितार्थ करके दिखा दीं। मथुरा से मालगाड़ी लेकर आये एक ड्राइवर की बदायूं रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी पूरी होते ही वह ट्रेन को छोड़ कर चला गया। ट्रेन पांच घंटे तक रेलवे स्टेशन पर खड़ी रही बरेली से दूसरा ड्राइवर बुक किया गया जो यहां पहुंच कर ट्रेन को आगे ले गया।

रेलवे विभाग में अपने ही नियम कायदे कानून चलते हैं। रेलवे कर्मचारी उन्हीं के अनुसार ड्यूटी करते हैं। रेलवे में चार या आठ घंटे की ड्यूटी करने का नियम नहीं है। वहां पर घंटों के हिसाब से ड्यूटी की जाती है। डयूटी पूरी होते ही कर्मचारी उसी क्षण काम छोड़ कर चला जाता है। ऐसा ही एक मामला यहां देखने को मिला। मथुरा से मालगाड़ी लेकर आए एक ड्राइवर को बरेली पहुंचना था। लेकिन उसका बदायूं रेलवे स्टेशन पर पहुंचते ही समय पूरा हो गया। उसकी ड्यूटी पूरी होते ही ड्राइवर ने मालगाड़ी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नम्बर दो पर खड़ी कर दी और वह ट्रेन छोड़ कर चला गया। 

रविवार 11 बजे उसने मालगाड़ी रेलवे स्टेशन पर छोड़ी और वह अपने घर चला गया। यह मालगाड़ी पूर्वान्ह 11 बजे से लेकर शाम चार बजे तक बदायूं रेलवे स्टेशन पर खड़ी रही। मालगाड़ी के यहां खड़े होने की सूचना बरेली इज्जतनगर को गयी ।उसके बाद वहां से दूसरा ड्राइवर बुक किया गया जो यहां पर ट्रेन से शाम चार बजे यहां पहुंचा। दूसरे ड्राइवर ने मालगाड़ी का इंजन काफी देर में चालू किया उसके बाद वह यहां से मालगाड़ी लेकर आगे को रवाना हुआ। यहां से मालगाड़ी हटने के बाद ही प्लेटफार्म नंबर दो खाली हो सका। पांच घंटे तक मालगाड़ी के खड़े रहने से यहां दो ट्रेनों का क्रास भी नहीं कराया जा सका। मालगाड़ी को रवाना हो जाने के बाद अन्य ट्रेनों का क्रॉस कराया गया।

मालगाड़ी चलाने वाले ड्राइवर की ड्यूटी पूरी होने पर उसने ट्रेन बदायूं रेलवे स्टेशन पर छोड़ दी। रेलवे के नियम कानून के अनुसार मालगाड़ी पर घंटों के हिसाब से ड्यूटी की जाती है। जिस जगह पर ड्यूटी पूरी होती है ड्राइवर वहीं पर ट्रेन को छोड़ देते हैं। आज भी पांच घंटे तक एक मालगाड़ी इसी लिए यहां पर खड़ी रही। बरेली से दूसरा ड्राइवर बुक किया गया ट्रेन से यहां पहुंचा, जो बाद में मालगाड़ी को लेकर बरेली को रवाना हो गया-विपिन कुमार - स्टेशन मास्टर।

ये भी पढ़ें- बदायूं: रात में नहीं मिला वाहन तो प्रभारी निरीक्षक बने गर्भवती का सहारा...हो रही सराहना

संबंधित समाचार