बदायूं: जिला अस्पताल में हुआ मेडिकल बोर्ड का गठन, पहले दिन 15 कर्मचारियों का किया गया स्वास्थ्य परीक्षण

चुनाव में ड्यूटी नहीं करने वालों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

बदायूं: जिला अस्पताल में हुआ मेडिकल बोर्ड का गठन, पहले दिन 15 कर्मचारियों का किया गया स्वास्थ्य परीक्षण

बदायूं, अमृत विचार। चुनाव सरकारी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जानी शुरू कर दी हैं। कुछ कर्मचारी अस्वस्थ होने का बहाना बना कर चुनाव डयूटी नही करना चाहते हैं। जिला प्रशासन ने बीमार कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण कराने को जिला अस्पताल में मेडिकल बोर्ड का गठन कर दिया है। यह बोर्ड कर्मचारी का स्वास्थ्य परीक्षण करेगा और अपनी रिपोर्ट मुख्य विकास अधिकारी को देगा। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर ड्यूटी लगाई या हटाई जाएगी। आज पहले दिन करीब 15 कर्मचारियों का मेडिकल टेस्ट किया गया।

लोकसभा चुनाव के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिला प्रशासन सरकारी कर्मचारियों की चुनाव में ड्यूटी लगा रहा है। चुनाव में ड्यूटी न करने वाले 119 कर्मचारियों ने अस्वस्थता के चलते चुनाव की ड्यूटी करने में असमर्थता व्यक्त की है। कथित रूप से अस्वस्थ कर्मचारियों ने कहा है कि वह बीमारी के चलते चुनाव में ड्यूटी नहीं कर पाएंगे इसलिए उन्हे चुनावी डयूटी से अलग कर दिया जाए।

मुख्य विकास अधिकारी केशव कुमार ने इस बार नया तरीका ईजाद किया है और अस्वस्थ कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्य विकास अधिकारी ने जिला अस्पताल के सीएमएस डा. कप्तान सिंह को निर्देश दिए है कि चार डॉक्टरों का पैनल बनाया जाए। यह पैनल कर्मचारी के स्वास्थ्य का परीक्षण करेगा। मेडिकल वार्ड अपनी रिपोर्ट देगा उसी रिपोर्ट के आधार पर ड्यूटी लगाई या हटाई जाएगी।

जिला प्रशासन के निर्देश के बाद शनिवार को सीएमएस डा. कप्तान सिंह ने डॉ. रियाज अहमद को नोडल अधिकारी नामित करते हुए चार डॉक्टरों का मेडिकल बोर्ड बना दिया। आज पहले दिन 15 कर्मचारी मेडिकल बोर्ड के समक्ष पेश हुए। बोर्ड को अपनी बीमारी के बारे में बताया जिसके बाद बोर्ड ने कर्मचारी का स्वास्थ्य परीक्षण किया। मेडिकल बोर्ड में डा. रियाज हुसैन, डा. शिवमोहन कमल, डा. अमित कुमार गुप्ता, डा. पीयूष मोहन अग्रवाल, हैं।

मेडिकल बोर्ड ने पहले दिन पन्द्रह कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। अब अब सोमवार को स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। कुल 119 कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाना है। किसी कर्मचारी को बिना स्वास्थ्य परीक्षण के छुट्टी नहीं दी जाएगी।  जो कर्मचारी यहां पर आते हैं उनके स्वास्थ्य परीक्षण की रिपोर्ट मुख्य विकास अधिकारी  को दी जाएगी-डा. कप्तान सिंह - सीएमएस जिला अस्पताल।

ये भी पढ़ें- बदायूं : चंदा के रुपये मांगने पर किया जानलेवा हमला, चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज