संभल: 140 करोड़ लोगों के परिवार के अभिन्न सदस्य हैं नरेंद्र मोदी: निशंक
संभल, अमृत विचार। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने संभल जनपद में अपने दौरे के दूसरे दिन संभल में श्री कल्कि मंदिर में दर्शन पूजन के साथ ही ऐंचोड़ा कम्बोह कल्कि धाम में भी शिला दर्शन कर आचार्य प्रमोद कृष्णम के साथ चर्चा की।
भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजेश सिंघल के आवास पर पत्रकार वार्ता में पूर्व डा. निशंक ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा मोदी सरकार की तुलना हिटलर शासनकाल से करने को लेकर पलटवार करते हुए कहा कि अखिलेश यादव अभी यंग हैं उन्हें देश की नब्ज समझनी चाहिए। यूपी में जनता ने उन्हें उखाड़ कर फेंक दिया है,बचे हुए भी खत्म हो जाएंगे।
इसलिए संयमित भाषा का प्रयोग करना चाहिए क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 140 करोड़ लोगों के परिवार के अभिन्न सदस्य हैं। डा. रमेश पोखरियाल निशंक ने आगे कहा कि भारत अब पूरी दुनिया का नेतृत्व करने की राह पर आगे बढ़ रहा है। देश में चार सौ पार का लक्ष्य भाजपा पूरा करेगी। मुरादाबाद मंडल की सभी सीटों पर भी भाजपा विजय हासिल करेगी।
कल्कि धाम पहुंचे निशंक,आचार्य प्रमोद के साथ चर्चा
संभल में अपने दौरे के दूसरे दिन उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक संभल के ऐंचोड़ा कम्बोह कल्कि धाम पहुंचे। यहां आचार्य प्रमोद कृष्णम ने उन्हें उन शिलाओं के दर्शन कराये जिन्हें धाम शिलान्यास कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्थापित किया था।
इसके साथ ही निशंक ने कल्कि धाम में दर्शन पूजन कर आचार्य प्रमोद कृष्णम के साथ चर्चा की। इस दौरान भाजपा क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजेश सिंघल, जिलाध्यक्ष चौधरी हरेंद्र सिंह, हृदेश यादव व अन्य लोग मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें- संभल: नरेंद्र मोदी न होते प्रधानमंत्री तो बंगलादेश बन गया होता पश्चिम बंगाल- आचार्य प्रमोद कृष्णम
