पीलीभीत: मतदान से लेकर सुरक्षा तक अहम भूमिका निभाएगी आधी आबादी, 18 लाख 31 हजार 699 मतदाता करेंगे वोटिंग

पीलीभीत: मतदान से लेकर सुरक्षा तक अहम भूमिका निभाएगी आधी आबादी, 18 लाख 31 हजार 699 मतदाता करेंगे वोटिंग

पीलीभीत,अमृत विचार: लोकसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने और महिलाओं को जागरूक करने के लिए चुनाव आयोग की ओर से पिंक बूथ बनाए जाएंगे। हालांकि पिंक बूथ का नाम परिवर्तन कर दिया गया है। पिंक बूथ को वुमेन मैनेज्ड बूथ के नाम से जाना जाएगा। इन बूथों पर मतदान से लेकर सुरक्षा तक जिम्मा आधी आबादी के पास ही रहेगा।

पीलीभीत लोकसभा सीट पर निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने के लिए तैयारियां शुरु हो चुकी है। बहेड़ी समेत पांच विधानसभा क्षेत्रों के मतदाता अपना सांसद चुनेंगे। सभी विधानसभा क्षेत्रों में 1242 मतदान केंद्र जबकि 1924 बूथ हैं। लोकसभा क्षेत्र में 18 लाख 31 हजार 699 मतदाता हैं। इनमें 978577 पुरुष, 853082 महिला जबकि 40 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। पिछली बार लोकसभा चुनाव 2019 में  करीब 67.20 फीसदी मतदान हुआ था। 

मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए चुनाव आयोग पुराने आइडिया को नए रूप में विकसित करने पर जोर दे रहा है। ताकि लोकसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत  बढ़ाया जा सके। महिला आंकड़ों को सहेजने के लिए जो पिंक बूथ बनाए जाते थे, उन्हें अब वुमेन मैनेज्ड बूथ के नाम से जाना जाएगा। जहां भी ये बूथ बनेंगे, वहां पर अधिकारी कर्मचारी महिलाएं होंगी, जबकि सुरक्षा में भी महिला पुलिसकर्मी तैनात रहेंगी। 

इन बूथों पर अच्छी तरह सजावट होगी, सुविधाएं भी होंगी। पीलीभीत में 8,47,275 महिला मतदाता हैं। प्रत्येक  विधानसभा में दो-दो वुमेन मैनज्ड बूथ बनाए जाएंगे। महिलाओं के लिए विशेष सुविधा दी जाएगी। बच्चों के खेलने कूदने की भी व्यवस्था कराई जाएगी। इसको लेकर प्रशासन तैयारियों में जुटा है। इसके अलावा प्रयास है कि मतदान दल के रूप में भी इन केंद्रों पर महिलाओं को ही तैनात किया जाए।  

आठ युवा और चार दिव्यांग बूथ बनेंगे
महिलाओं के अलावा युवा और दिव्यांग बूथ भी बनाए जाएंगे। जिला प्रशासन की ओर जिले में चार दिव्यांग और आठ युवा बूथ बनाए जाएंगे। दिव्यांग बूथ पर दिव्यांग अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। बूथ में सुविधाएं अच्छी होने के साथ सजावट भी कराई जाएगी। मतदान के बाद सेल्फी पाइंट भी बनाया जाएगा।  जिले में 23747 दिव्यांग मतदाता हैं। 

इसी प्रकार जिले में एक यूथ मैनेज्ड बूथ बनेगा। जिनकी संख्या अभी तक आठ तय की गई है।  जिला प्रशासन कोशिश है कि जिन बूथों पर 18 से 29 वर्ष के युवा मतदाताओं की संख्या अधिक है, उनमें किसी बूथ को युवा बूथ बनाया जाए। युवा बूथ को बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। जिले में युवा मतदाताओं की संख्या 26689 है।

चुनाव आयोग की गाइडलाइन के तहत लोकसभा चुनाव में महिलाओं के लिए वुमेन मैनेज्ड बूथ बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा दिव्यांग और युवा बूथ भी बनाने का निर्णय लिया गया है। अब विधानसभा वार बूथों का चिन्हीकरण शुरू करा दिया गया है--- ऋतु पुनिया, उप जिला निर्वाचन अधिकारी।

यह भी पढ़ें- पीलीभीत: PM मोदी का कार्यक्रम स्थल बदलने के आसार...ड्रमंड कॉलेज सुरक्षा की दृष्टि से अनुपयुक्त, जानिए अब कहां देखी गई जमीन