लखीमपुर खीरी: धोखाधड़ी कर अभिलेखों में दर्ज कराई नवीन परती की जमीन, राजस्व कर्मचारियों में खलबली

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

राजस्व निरीक्षक की तहरीर पर पुलिस ने दर्ज की धोखाधड़ी की रिपोर्ट  

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। राजस्व कर्मचारियों की मिली भगत से एक व्यक्ति ने पलिया-भीरा मार्ग पर स्थित नवीन परती की जमीन अभिलेखों में अपने नाम दर्ज करा ली। इसका खुलासा होने पर राजस्व कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। मामले में संलिप्त राजस्व कर्मचारियों को क्लीन चिट देते हुए राजस्व निरीक्षक ने खातेदार के खिलाफ नामजद तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थाना निघासन क्षेत्र के शिवलालपुरवा मजरा लुधौरी निवासी ब्रह्मादीन ने पलिया स्टेट हाइवे से सटी नवीन परती की बेशकीमती सरकारी जमीन को राजस्व कर्मचारियों से सांठगांठ कर अपनी पत्नी गीता देवी के नाम सरकारी अभिलेखों में दर्ज करा लिया।

सरकारी दस्तावेजों में नवीन परती की गाटा संख्या 3779 सरकारी जमीन को अलग से पेन व स्याही से लिखे जाने का जिक्र राजस्व निरीक्षक ने एफआईआर में किया है। राजस्व निरीक्षक शंकर लाल राना ने बताया कि कृषि भूमि आवंटन पत्रावली अनुमोदन वर्ष 2015 के प्रपत्र 57 ख व लाट सूची के 39 पर गीता देवी पत्नी ब्रह्मादीन के नाम दो जगह भूमि आवंटन के रूप में दर्ज है, लेकिन आवंटी गीता देवी के पति ब्रह्मादीन ने किसी के माध्यम से निघासन पलिया स्टेट हाइवे से जुड़ी नवीन परती सरकारी भूमि गाटा संख्या 3779 करीब दो बीघा जमीन फर्जीढंग से दर्ज कराई है।

इसके अलावा ओवर राइटिंग करके जमीन के दायरे को भी बढ़ाया गया है। बताया जाता है कि इस मामले में राजस्व लिपिक के अलावा तत्कालीन लेखपाल के एक मुंशी का नाम भी चर्चा में है, जबकि तहसील के अफसर इस बात पर पर्दा डाल रहे हैं। इसलिए पट्टाधारक ब्रह्मादीन के खिलाफ मामला दर्ज करके इतिश्री कर ली है। राजस्व कर्मियों को अभयदान मिला है।

ब्रह्मादीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। विवेचना में साफ हो जाएगा कि और कौन लोग इसमें शामिल हैं। इसलिए तहरीर में ब्रह्मादीन के अलावा अन्य व्यक्ति भी लिखा गया है। सरकारी दो अभिलेखों में गाटा संख्या दर्ज की गई है। दो अन्य नक्शा वगैरह अभिलेखों में नाम अंकित नहीं किया गया है। अगर कोई राजस्व कर्मचारी शामिल होता तो वह सभी अभिलेखों में एक साथ गाटा संख्या अंकित करता-भीमचंद तहसीलदार, निघासन।

ये  भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: पशु चोर गिरोह का भंडाफोड़, छह गिरफ्तार

संबंधित समाचार