लखनऊ: लिवर सिरोसिस से पीड़ित बच्चे बार-बार पड़ते हैं बीमार, छोटी आंत में रिसाव बनती है वजह

डॉ. मोइनाक सेन शर्मा के शोध में हुआ खुलासा, खानपान और दवाओं से बच्चों की जिंदगी होगी लंबी

लखनऊ: लिवर सिरोसिस से पीड़ित बच्चे बार-बार पड़ते हैं बीमार, छोटी आंत में रिसाव बनती है वजह

डॉ. मोइनाक सेन शर्मा इन्वेस्टिगेटर अवार्ड से सम्मानित, जापान में मिला सम्मान

लखनऊ, अमृत विचार। संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (SGPGI) के पीडियाट्रिक गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. मोइनाक सेन शर्मा को जापान के क्योटो में इन्वेस्टिगेटर अवार्ड से सम्मानित किया गया है। डॉ. मोइनाक सेन शर्मा को यह सम्मान लिवर सिरोसिस से पीड़ित बच्चों के बार-बार बीमार पड़ने के कारणों का पता लगाने के लिए मिला है। डॉ. मोइनाक सेन शर्मा ने वह कारण ढूंढ़ निकाला है।

जिसके कारण लिवर सिरोसिस से पीड़ित बच्चों में बार-बार संक्रमण होता है और वह बीमार पड़ते हैं। इसके अलावा उन्होंने बच्चे बीमार न पड़ें इसका रास्ता भी खोज निकाला है। जब बच्चे बीमार कम पड़ेंगे तो उनकी आयु भी लंबी होने संभावना जताई जा रही है। इस शोध के सामने आने के बाद बीमार बच्चों को काफी राहत पहुंचने की उम्मीद बंधी है। 

डॉ. मोइनाक सेन शर्मा ने अमृत विचार संवाददाता वीरेंद्र पाण्डेय के साथ हुई बातचीत में बताया है कि लिवर सिरोसिस से पीड़ित बच्चों को कई बार गंभीर संक्रमण हो जाता है। जिससे वह बार-बार बीमार पड़ते हैं। ऐसे बच्चों को बीमारी से बचाने के लिए शोध किया गया। जिसमें यह निकल कर सामने आया कि छोटी आंत में मौजूद बैक्टीरिया ब्लड में पहुंच जा रहे हैं। जिससे वह गंभीर रूप से बीमार हो रहे हैं। यह बैक्टीरिया छोटी आंत में रिसाव होने के चलते ब्लड में पहुंच रहे थे। उन्होंने बताया कि इस शोध में करीब 55 बच्चों को शामिल किया गया था। जिनकी उम्र 6 साल से 18 साल के बीच थी। इन सभी बच्चों को कब्ज दूर करने की दवा दी गई। जो छोटी आंत से रिसाव होने के चलते ब्लड में पहुंच गई और बाद में यूरिन के रास्ते बाहर निकली। यूरिन जांच में इस बात का खुलासा हुआ कि आंत में छलनी बन गई है। जिससे यह दवा ब्लड से होते हुये यूरिन में पहुंची है। इसी तरह लिवर सिरोसिस से पीड़ित बच्चों के ब्लड में छोटी आंत में मौजूद बैक्टीरिया भी रिसाव के कारण पहुंच जाते हैं और बच्चे बार-बार संक्रमित होते हैं और बीमार पड़ते हैं। इस दौरान उन्होंने यह भी बताया कि बच्चों को जो दवा दी गई थी। वह पूरी तरह से सुरक्षित होती है। 

छोटी आंत में क्यों होता है रिसाव

डॉ. मोइनाक सेन शर्मा ने बताया कि जब बच्चा लिवर सिरोसिस से पीड़ित होता है, तो छोटी आंत पर बहुत दावा पड़ता है। जिससे आंत में छलनी बन जाती है और वहीं से बैक्टीरिया का रिसाव होने लगता है। इस रिसाव को रोकने के लिए दवाओं के साथ बच्चों को प्रोटीन युक्त भोजन देने की आवश्यकता होती है। ऐसे बच्चों को दाल, दूध, पनीर युक्त भोजन देना फायेदमंद होता है।

शोध करने वाली टीम

निदेशक प्रो. आरके.धीमन की देखरेख में डॉ. मोइनाक सेन शर्मा ने यह शोध किया है। जिसमें प्रो.आशीष गुप्ता, डॉ. चिन्मय साहू, डॉ. उदय घोषाल, डॉ.उज्जवला शामिल रहीं।

यह भी पढ़ें: PM मोदी और देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्‍पणी के आरोप में युवक गिरफ्तार