अमरोहा में छुटपुट घटनाओं के बीच 64.55 फीसदी हुआ मतदान, 2019 के लोकसभा चुनाव के मुकाबले घटा मतदान प्रतिशत

अमरोहा में  छुटपुट घटनाओं के बीच 64.55 फीसदी हुआ मतदान, 2019 के लोकसभा चुनाव के मुकाबले घटा मतदान प्रतिशत

अमरोहा, अमृत विचार। लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में अमरोहा लोकसभा सीट के लिए शुक्रवार को वोट डाले गए। छुटपुट घटनाओं के बीच इस सीट के लिए 64.55 प्रतिशत मतदान हुआ। हालांकि 2019 के लोकसभा चुनाव में 71.05 प्रतिशत मतदान हुआ था। इसकी तुलना में 6.5 प्रतिशत मतदान कम हुआ है। 


 मतदान केंद्रों के बाहर सुबह सात बजे से ही मतदाताओं की कतार गई। 12 बजे तक जमकर वोट डाले गए। इसके बाद जुमे की नमाज और तेज धूप होने पर मतदान की रफ्तार धीमी हो गई। हालांकि दोपहर दो बजे के बाद मतदान की रफ्तार फिर बढ़ गई। फिर शाम छह बजे तक मतदाताओं की संख्या अधिक दिखी। इसके बाद मतदान कार्मिकों मे ईवीएम और वीवीपैट को सील किया और अपने साथ ले गए। महिलाओं ने राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई। 

अमरोहा नगर के सभी मतदान केंद्रां पर पुरुषों के बराबर ही महिलाएं दिखाई दीं। कुछ इलाकों में मतदान केंद्र दूर होने के बावजूद महिलाएं पैदल ही पहुंच गईं। तपती धूप के बीच भी मतदान केंद्र पर महिलाओं में वोट डालने को लेकर होड़ लगी रही। हालांकि दोपहर बाद महिलाएं बूथों पर कम दिखाई दीं लेकिन शाम को फिर महिला वोटरों की संख्या देखी गई।


 जिले भर में कई मतदेय स्थलों पर ईवीएम खराब होने की शिकायतें मिलीं। इन्हें ठीक कराने में समय लगा, जबकि कई बूथों पर ईवीएम को बदलकर मतदान शुरू कराया गया। गांव कांकर सराय के जूनियर हाईस्कूल में बनाए गए मतदान केंद्र के बूथ तीन पर मतदान शुरू होने ही ईवीएम धोखा दे गई। इससे करीब आधा घंटे तक मतदान प्रभावित हुआ। जीआईसी के बूथ संख्या 156 पर वोट डालने आई महिला का वोट पहले ही डला हुआ मिला। 

इस पर उसने हंगामा किया। महिला ने बताया कि जब वह वोट डालने के लिए गई तो कार्मिकों ने उसे वोट डालने से मना कर दिया। कहा कि उसका वोट पहले ही डल चुका है। वोट न डलने की सूचना पर प्रेक्षक ने अधिकारी बूथ पर भेज दिए। एसडीएम ने मामले की जांच की तो पता चला कि मतदाता सूची में कुछ कमी के कारण ऐसा हुआ। हालांकि बाद में महिला का वोट डलवा दिया गया। 

उधर, बूथों का निरीक्षण कर रहे कांग्रेस प्रत्याशी दानिश की पुलिसकर्मी से नोकझोंक हो गई। जेएस हिंदू कॉलेज में बने बूथ पर दानिश अली अपने समर्थकों के साथ पहुंचे और बूथ का निरीक्षण करने लगे। इस पर पुलिसकर्मी ने विरोध किया। कहा कि केवल प्रत्याशी ही बूथ का निरीक्षण कर सकता है और वह भी बिना मोबाइल के। 

मोबाइल के साथ बूथ पर जाने को लेकर दोनों में तीखी बहस हुई। हालांकि कुछ देर बाद मामला शांत हुआ। मंडी धनौरा, नौगांवा सादात, अमरोहा, हसनपुर और गढ़तुक्तेश्वर में शांति के साथ मतदान संपन्न हुआ। मतदान के बाद 12 प्रत्यशियों का भग्य ईवीएम में कैद हो गया। 2019 लोकसभा चुनाव में बसपा प्रत्याशी कुंवर दानिश अली ने 601082 वोट लेकर जीत हासिल की थी। दूसरे स्थान पर भाजपा के कंवर सिंह तंवर 537834 वोटों के साथ रहे थे, जबकि कांग्रेस के सचिन चौधरी 12510 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे थे।

जिले में शांतिपूर्ण तरीके से मतदान संपन्न हो गया है। मतदान के प्रति लोगों को जागरूक किया गया था, उसका असर मतदान के दिन देखने को मिला। मतदाताओं ने बंपर वोटिंग की। दोनों चरणों में अमरोहा जिले में सबसे ज्यादा वोटिंग हुई---राजेश कुमार त्यागी, जिला निर्वाचन अधिकारी।

ये भी पढ़ें : Lok Sabha Elections 2024 : 'दंगे, हत्या, गैंगवार...यह सपा सरकार के ट्रेडमार्क थे', अमरोहा में बोले सीएम योगी आदित्यनाथ