हल्द्वानी: घायल को अस्पताल छोड़कर भागा बाइक सवार, महिला की मौत

Amrit Vichar Network
Published By Bhupesh Kanaujia
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। बाइक सवार ने एक महिला को टक्कर मार दी। वह महिला को घायल अवस्था में उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचा और फरार हो गया। महिला की मौत हो गई और उसका शव दो दिन तक लावारिस मॉर्चरी में पड़ा रहा। अब पुलिस आरोपी बाइक चालक की तलाश कर रही है।

पुलिस के मुताबिक 7 मई को एक बाइक सवार छड़ायल नयाबाद महादेव कॉलोनी आरटीओ रोड निवासी ममता (40 वर्ष) पत्नी मोहन को घायल अवस्था में डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय लेकर पहुंचा था। बताया जाता है कि बाइक सवार की टक्कर से महिला घायल हुई थी। महिला को अस्पताल में भर्ती कराने के बाद बाइक सवार वहां से फरार हो गया। 8 मई को महिला ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

चिकित्सकों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। शव की शिनाख्त नहीं हुई तो मॉर्चरी भेज दिया गया। अगले दिन पुलिस महिला का हुलिया पता करने पोस्टमार्टम हाउस पहुंची। जहां पोस्टमार्टम हाउस के एक कर्मी ने पुलिस को बताया कि उसने महिला को आरटीओ रोड पर घूमते देखा था। शुक्रवार को पुलिस आरटीओ रोड पहुंची तो महिला के परिजन मिल गये। जिसके बाद शव की शिनाख्त ममता के तौर पर हुई।

संबंधित समाचार